
पाकिस्तान से सटे राजस्थान-पंजाब सीमा पर हाई अलर्ट, पंजाब में पुलिस अधिकारियों की छुट्टी रद्द
क्या है खबर?
पाकिस्तान में भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पड़ोसी देश से लगी सभी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
राजस्थान और पंजाब में भी सीमा के पास हाई अलर्ट घोषित किया गया है और सीमा सील कर दी गई है।
राजस्थान में किशनगढ़ और जोधपुर हवाई अड्डे को 10 मई तक के लिए बंद किया गया है।
सीमा से जुड़े जिलों में सभी स्कूलों में छुट्टियां की गई हैं और सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टी रद्द हैं।
अलर्ट
पंजाब में पुलिस अधिकारियों की छुट्टी रद्द
पाकिस्तान से लगे पंजाब की सीमाओं पर भी सीमा सुरक्षा बल (BSF) कड़ी नजर रख रहा है। यहां सभी पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
पंजाब सरकार ने तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए सार्वजनिक कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने को कहा है।
अमृतसर हवाई अड्डा भी 10 मई तक बंद है। यहां बुधवार रात को 2 बार मॉक ड्रिल हुआ है।
बंद
देश के 25 हवाई अड्डों को बंद किया गया
भारत-पाकिस्तान तनाव देखते हुए देश के 25 हवाई अड्डों को 10 मई तक बंद कर दिया गया है। ये अधिकतर उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में हैं।
इनमें श्रीनगर, लेह, जम्मू, अमृतसर, पठानकोट, चंडीगढ़, जोधपुर, जैसलमेर, शिमला, धर्मशाला, जामनगर, भुंतर (हिमाचल प्रदेश), लुधियाना, किशनगढ़ (राजस्थान), पटियाला, गग्गल (हिमाचल प्रदेश), बीकानेर (राजस्थान), हलवारा (पंजाब), मुंद्रा (गुजरात), पोरबंदर (गुजरात), राजकोट, कांडला (गुजरात), केशोद (गुजरात), भुज (गुजरात) और थोईस (लद्दाख) शामिल है।
इसके अलावा 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद करीब 800 उड़ाने रद्द हुई हैं।