Page Loader
चक्रवाती तूफान 'मैंडूस' ने चेन्नई में मचाई तबाही, 4 लोगों की मौत
तबाही मचाने के बाद कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान 'मैंडूस' (तस्वीर: ट्विटर/@VinojBJP)

चक्रवाती तूफान 'मैंडूस' ने चेन्नई में मचाई तबाही, 4 लोगों की मौत

लेखन नवीन
Dec 10, 2022
06:35 pm

क्या है खबर?

भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि चक्रवाती तूफान 'मैंडूस' अब कमजोर हो गया है, जिसके कारण अब तमिलनाडु के उत्तरी तट पर गहरे दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। चक्रवात 'मैंडूस' ने बीती रात 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ तमिलनाडु में दस्तक दी थी। इस चक्रवाती तूफान ने चेन्नई और चेंगलपट्टू समेत 10 जिलों में भारी तबाही मचाई है और चार लोगों के चक्रवात की चपेट में आकर मरने की सूचना है।

रफ्तार

14 किमी प्रति घंटे थी चक्रवात मैंडूस की रफ्तार

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात मैंडूस ने शुक्रवार रात लगभग 10:30 बजे दस्तक देना शुरू किया और लगभग 1:30 बजे चक्रवात ने तमिलनाडु के महाबलीपुरम के पास तट को पार किया। महाबलीपुरम के पास चक्रवात की दस्तक के बाद से चेन्नई के कई हिस्सों में भारी बारिश होने के साथ ही तेज हवाएं चल रही हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के उप महानिदेशक एस बालचंद्रन ने कहा कि चक्रवाती तूफान की गति लगभग 14 किलोमीटर प्रति घंटे थी।

नामकरण

UAE ने रखा नाम

चक्रवाती तूफान 'मैंडूस' का नाम विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) के सहयोगी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने रखा है। अरबी में इस नाम का उच्चारण 'मैन-डूस' के रूप में किया जाता है और इसका अर्थ है 'खजाने से भरा बक्सा।' मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात मैंडूस को देखते हुए दो राज्यों तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में रेड अलर्ट जारी किया गया था।

नुकसान

चक्रवात के कारण गिरे 200 पेड़

ग्रेटर चेन्नई निगम के आयुक्त गगनदीप सिंह ने कहा कि शहर में करीब 115 मिलीमीटर बारिश हुई है। सिंह ने कहा, "लगभग 200 पेड़ गिर गए हैं, और हम रात से उन्हें साफ कर रहे हैं। बड़ा नुकसान टल गया है क्योंकि हमने कई होर्डिंग्स को पहले ही हटा लिया था।" चक्रवात के दस्तक की बाद से चेन्नई और चेंगलपट्टू जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।

असर

स्कूल-कॉलेज बंद और कई उड़ानें रद्द

चक्रवात के खिलाफ एहतियात के तौर पर तमिलनाडु सरकार ने शुक्रवार को सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की थी। चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने भी शुक्रवार को सभी उड़ानों को रद्द कर दिया था और यात्रियों को किसी भी अपडेट के लिए संबंधित एयरलाइनों के संपर्क में रहने के लिए कहा गया। चेन्नई नगर निगम निकाय ने सभी पार्कों और खेल के मैदानों को अगली सूचना तक बंद करने का भी निर्देश दिया है।

तैयारी

तमिलनाडु के 10 जिलों में NDRF तैनात

10 जिलों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के दस्तों को तैनात करने के अलावा तमिलनाडु सरकार ने चक्रवात मैंडूस के लिए एहतियात के तौर पर 5,000 से अधिक राहत केंद्र भी खोले हैं। इन जिलों में मयिलादुथुरई, चेन्नई, तिरुवरुर, तंजावुर, कुड्डालोर और नागपट्टिनम शामिल हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, अकेले चेंगलपट्टू जिले में लगभग 1,058 परिवार प्रभावित हैं, जो 28 आपदा राहत केंद्रों में शरण लिए हुए हैं।