
देश के कई हिस्सों में भारी बारिश से तबाही, तेलंगाना और महाराष्ट्र में 77 की मौत
क्या है खबर?
देश के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्से में भारी बारिश की तबाही जारी है और बुधवार से अब तक तेलंगाना और महाराष्ट्र में कम से कम 77 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे अधिक 50 मौतें तेलंगाना में हुई हैं और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख आर्थिक मदद मांगी है।
आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई हिस्सों में भी भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति है और बांधों के ऊपर से पानी बह रहा है।
तेलंगाना
हैदराबाद में 11 लोगों की मौत, 2,000 करोड़ रुपये की फसल का नुकसान
सबसे अधिक प्रभावित तेलंगाना की बात करें तो यहां हैदराबाद में सबसे खराब स्थिति है और शहर में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि शहर की 72 जगहों पर 144 कॉलोनियों के लगभग 20,540 घर बाढ़ में डूब गए हैं और 35,000 परिवार प्रभावित हुए हैं।
इसके अलावा राज्य की 7.35 लाख एकड़ जमीन पर 2,000 करोड़ रुपये की फसल भी बर्बाद हो गई है। वाहन बहने के मामले भी सामने आए हैं।
बयान
तेलंगाना में हुआ 5,000 करोड़ रुपये का नुकसान
तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। जिनके घर पूरी तरह से तबाह हो गए हैं, उनके घर दोबारा बनाए जाएंगे, वहीं जिनके घरों में आंशिक नुकसान हुआ है, उन्हें आर्थिक मदद दी जाएगी।
बाढ़ से 5,000 करोड़ रुपये का नुकसान का दावा करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख 1,350 करोड़ रुपये तत्काल जारी करने का अनुरोध किया है।
महाराष्ट्र
मुंबई शहर में 106.01 मिलीमीटर बारिश
महाराष्ट्र की बात करें तो मुंबई में गुरूवार सुबह 8 बजे तक 24 घंटे में 106.01 मिलीमीटर बारिश हुई और कल रात भी यहां बारिश होती रही। उत्तरी उपनगरों में 69.18 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 58.36 मिलीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा पुणे में बुधवार को 96 मिलीमीटर बारिश हुई, वहीं कोल्हापुर में पिछले 24 घंटे में 56 मिलीमीटर बारिश हुई है।
राज्य के सोलापुर जिले में 14, सांगली में नौ और पुणे में चार लोगों की मौत हुई है।
स्थिति
महाराष्ट्र में प्रशासन और सेनाएं हाई अलर्ट पर, कर्नाटक में फसलें बर्बाद
भारी बारिश को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य प्रशासन, सेना, नौसेना और वायुसेना को किसी भी आपातकाल के लिए तैयार रहने को कहा है। हालांकि मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश में भारी कमी का अनुमान लगाया है।
अन्य राज्यों की बात करें तो आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति है। कर्नाटक सरकार ने 1.05 लाख हेक्टेयर कृषि फसलें और लगभग 3,500 एकड़ बागवानी खराब होने की बात कही है।
बारिश
बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण हो रही भारी बारिश
बता दें कि बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और महाराष्ट्र में बीते कई दिन से भारी बारिश हो रही है। पहले तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश हुई और इसके बाद ये आगे बढ़ते हुए महाराष्ट्र पहुंच गई।
जिस समय तेलंगाना में बारिश हुई, उस समय सबसे अधिक दबाव था और इसलिए यहां सबसे अधिक बारिश हुई है। महाराष्ट्र पहुंच कर ये दबाव कमजोर हो गया।