दिल्ली: CRPF के 122 जवान कोरोना वायरस से संक्रमित, 100 की रिपोर्ट का इंतजार
क्या है खबर?
दिल्ली में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक बटालियन के 122 जवानों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है और 100 से ज्यादा की जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
ये सभी जवान अर्धसैनिक बल की 31वीं बटालियन से संबंधित हैं और दिल्ली के मयूर विहार फेस 3 इलाके में तैनात थे।
पिछले कुछ दिनों से संक्रमण के मामले सामने आने के बाद इस पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
जानकारी
संक्रमित पाए गए अधिकतर जवानों में कोई लक्षण नहीं
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बटालियन के 122 जवान संक्रमित पाए गए हैं और 100 से ज्यादा जवानों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। संक्रमित पाए गए जवानों में से अधिकतर में महामारी के कोई लक्षण नहीं देखे गए थे।
क्वारंटाइन
दिल्ली सरकार के आईसोलेशन सेंटर में रखे गए संक्रमित जवान
शुक्रवार को बटालियन के 12 जवानों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
इन सभी जवानों को मंडोली स्थित दिल्ली सरकार के एक आईसोलेशन सेंटर में रखा गया है। बता दें कि एक बटालियन में 1,000 जवान होते हैं।
इस सप्ताह की शुरुआत में बटालियन के एक 55 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर की बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में महामारी के मामले मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
नियम
जवानों को छुट्टी से आने के बाद 14 दिनों तक क्वारंटाइन करना जरूरी
अर्धसैनिक बल में उन जवानों के लिए 14 दिन का क्वारंटाइन पीरियड जरूरी है, जो छुट्टियों के बाद वापस यूनिट में लौटे हैं या किसी संदिग्ध मरीज के संपर्क में आए हैं।
वहींं CRPF की मेडिकल विंग ने पिछले महीने एक आदेश जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि अगर किसी डॉक्टर या पैरामेडिक्स स्टाफ में क्वारंटाइन के दौरान पांच दिनों तक कोई लक्षण नहीं देखे जाते हैं तो वह क्वारंटाइन से बाहर आ सकता है।
संक्रमण
अधिकारियों ने जताया यह शक
अधिकारियों ने ऐसे संकेत दिए हैं कि बटालियन में कोरोना वायरस संक्रमण का स्त्रोत एक नर्सिंग असिस्टेंट हो सकता है, जो छुट्टियां पूरी कर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र स्थित अपने घर से वापस यूनिट में लौटा था।
अब CRPF संक्रमण के स्त्रोत का पता लगाने के लिए जांच में जुटी है।
यह भी कहा जा रहा है कि नर्सिंग असिस्टेंट को छुट्टी से आने के बाद सख्ती से क्वारंटाइन में नहीं रखा गया था, जिससे संक्रमण फैल गया।
कोरोना वायरस
दिल्ली और देश में कितने मामले?
दिल्ली में अभी तक कोरोना वायरस के कुल 3,738 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 1,167 महामारी से ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं और 61 लोगों की मौत हुई है।
वहीं अगर पूरे देश की बात की जाए तो स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, शनिवार सुबह तक देश में 33,336 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 26,167 सक्रिय मामले हैं, 9,950 महामारी को हराकर ठीक हो चुके हैं और 1,218 लोगों की मौत हुई है।