Page Loader
दाईं तरफ ज्यादा खिंच रही है कार, जानिए कारण और समाधान 
कार का दाईं तरफ खिंचना कई समस्याओं की तरफ इशारा करता है (तस्वीर: फ्रीपिक)

दाईं तरफ ज्यादा खिंच रही है कार, जानिए कारण और समाधान 

May 15, 2025
08:37 am

क्या है खबर?

कार की सुरक्षित ड्राइविंग के लिए इसका बैलेंस में चलना जरूरी है। गाड़ी का झुकाव ड्राइवर की तरफ यानि दाईं ओर ज्यादा है तो यह हादसे का कारण बन सकता है। इससे कार किनारे लगाने, ब्रेक लगाने और गति बढ़ाते समय तेजी से मुड़ सकती है। इनमें से अधिकांश समस्याओं को नियमित रखरखाव के साथ ठीक किया जा सकता है। आइये जानते हैं आपकी कार दाईं ओर क्यों खींच रही है और इसे कैसे ठीक किया जाए।

व्हील अलाइनमेंट

सामान्य कारण से भी आ सकती है समस्या 

कार को किनारे करते समय अगर यह दाईं ओर खिंच रही है, तो यह दाई तरफ के टायरों में हवा का प्रेशर कम होने के कारण हो सकता है। इस समस्या को दूर करने के लिए सभी टायरों में हवा का दबाव समान रखें। व्हील अलाइनमेंट खराब होने पर भी ऐसा हो सकता है। गाड़ी को न्यूट्रल में रखकर धीमे चलाने पर इसका पता लगा सकते हैं। अगर यह दाईं तरफ खिंच रही है तो व्हील अलाइनमेंट ठीक करा लें।

टायर में खराबी 

टायर की खराबी भी बड़ा कारण 

नए टायर लगाने के बाद अगर गाड़ी दाईं तरफ झुक रही है तो यह टायर खराब होने का संकेत है। इन्हें बदल देना ही ठीक रहेगा। अगल-अलग ब्रांड के टायर लगाना भी इस समस्या का कारण हो सकता है क्योंकि, इनमें अलग-अलग ट्रेड होते हैं। इसलिए, एक ही तरह के टायर लगाना सही रहता है। संभव हो तो गाड़ी के सभी टायरों को एकसाथ ही बदलना चाहिए। क्षतिग्रस्त टायर भी एक तरफ झुकने की समस्या पैदा करते हैं।

ब्रेकिंग सिस्टम 

समय रहते ठीक करा लें ये सिस्टम

ब्रेक लगाने पर आपकी कार खिंचती है तो समस्या ब्रेकिंग सिस्टम में हो सकती है। यह कैलिपर के न खुलने, पैड के बंधन या आपातकालीन ब्रेक के न खुलने की वजह से हो सकता है। इसके अलावा यह ट्रांसमिशन सिस्टम में खराबी के कारण भी हो सकता है। गति बढ़ाते समय टॉर्क स्टीयरिंग और मेमोरी स्टीयरिंग भी इसकी वजह बनता है। मैकेनिक से मरम्मत कराने के बाद समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।