Page Loader
तेज दौड़ाने पर क्यों कांपने लगती है गाड़ी? ये हो सकते हैं कारण 
हाइवे पर कार तेज चलाते समय कंपन होने की समस्या आ सकती है (तस्वीर: फ्रीपिक)

तेज दौड़ाने पर क्यों कांपने लगती है गाड़ी? ये हो सकते हैं कारण 

May 02, 2025
07:56 am

क्या है खबर?

हाइवे या खुली सड़क पर हर किसी को कार तेज रफ्तार में चलाना पसंद होता है। सुरक्षित ड्राइविंग के लिए रफ्तार कम रखने की सलाह दी जाती है, लेकिन कई चालक इसे भुला बैठते हैं। कई बार आपने देखा होगा कि रफ्तार बढ़ाने पर गाड़ी में कंपन होने लगता है, जिससे ड्राइविंग करने में परेशानी होती है। ऐसा अक्सर गति 90 किमी/घंटा से ऊपर ले जाने पर होता है। आइये जानते हैं ऐसा किस कारण से होता है।

इंजन मिसफायर 

इंजन मिसफायर से क्या आती है परेशानी?

गाड़ी में कंपन की एक वजह इंजन मिसफायर हो सकता है और यह तब होता है, जब कोई सिलेंडर सही से काम नहीं करता है। इससे ईंधन का सही से दहन नहीं होने पर इंजन में कंपन, झटके और पावर की कमी महसूस हो सकती है और इसी से कार हिलने लगती है। ऐसी स्थिति में ज्यादा समय तक गाड़ी चलाने से इंजन को नुकसान पहुंच सकता है। इससे बचने के लिए स्पार्क प्लग, ईंधन इंजेक्टर को ठीक करा लें।

क्रैंकशाफ्ट

क्रैंकशाफ्ट में खराबी से क्यों हिलती है कार?

क्रैंकशाफ्ट इंजन की रीढ़ होता है, जो सिलेंडर की रैखिक गति को ट्रांसमिशन के लिए घूर्णी ऊर्जा में बदलने के लिए घूमता है। अगर, इसमें दरार या क्षति आ जाए तो गति बढ़ाने पर यह कंपन पैदा करेगा। इसे बदलवा कर समस्या को दूर किया जा सकता है। गाड़ी न्यूट्रल में रहने या गियर बदलते समय ज्यादा हिलती है तो यह ट्रांसमिशन सिस्टम में खराबी का संकेत हो सकता है। ऐसे में ट्रांसमिशन की मरम्मत करा लेना सही रहता है।

CV जॉइंट

गाड़ी घुमाते समय क्यों आती है परेशानी 

कांस्टेंट वेलोसिटी जॉइंट (CV जॉइंट) प्रत्येक एक्सेल के अंत में कपलिंग है, जो टायर को मुख्य एक्सेल से जोड़ता है। यह टायर को मोड़ते समय एक कोण पर घूमने की अनुमति देता है। CV जॉइंट में खराबी आ जाए तो गति बढ़ाने और मुड़ते समय टायर हिल सकते हैं, जिससे कंपन पैदा होगा। ड्राइवशाफ्ट में खराबी से भी यह ट्रांसमिशन से पहियों तक टॉर्क सही से संचारित नहीं करता, जिससे ट्रांसमिशन और एक्सल में डगमगाहट होगी।

व्हील बैलेंस 

व्हील बैलेंस खराब होना भी है कारण 

अगर इंजन माउंट टूटा हुआ है, तो इससे भी इंजन हिलने से गाड़ी में गति बढ़ाते समय कंपन हो सकता है। व्हील एलाइनमेंट और व्हील बैलेंस सही नहीं होने पर भी यह समस्या होना आम बात है। बियरिंग कार के सस्पेंशन सिस्टम का एक हिस्सा हैं। वे पहियों को बिना किसी घर्षण के घूमने देते हैं। अगर, बियरिंग क्षतिग्रस्त या बहुत गंदे हैं तो टायर हाउसिंग के साथ घर्षण बढ़ेगा, जो गड़गड़ाहट पैदा कर सकता है।