Page Loader
हाइवे पर गाड़ी चलाते समय नहीं रहेगा खतरा, अपनाएं ये आसान तरीके 
हाइवे पर गाड़ी चलाते समय सावधानी नहीं बरतने से दुर्घटना हो सकती है (तस्वीर: फ्रीपिक)

हाइवे पर गाड़ी चलाते समय नहीं रहेगा खतरा, अपनाएं ये आसान तरीके 

Nov 15, 2023
11:05 am

क्या है खबर?

देश में नए एक्सप्रेसवे और राजमार्गों का जाल फैल गया है। इससे वाहनों की ड्राइविंग आरामदायक हो गई है। यह जितना सुविधाजनक है, उतना ही खतरों से भरा है। ऐसी सड़कों पर लोग गाड़ी को तेज गति में चलाना पसंद करते हैं। आस-पास से दूसरे वाहनों के तेज रफ्तार में गुजरने के कारण हाइवे पर ड्राइविंग के समय ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है। आइये जानते हैं हाइवे पर गाड़ी चलाते समय किन बातों का ध्यान रखें।

लेन  

निर्धारित लेन में ही चलाएं गाड़ी 

हाइवे पर हमेशा आप एक तय की गई गति पर कार ड्राइव करें और शहर की सड़क से हाइवे पर आते ही तेजी से स्पीड न बढ़ाएं। धीरे-धीरे गति को बढ़ाना ठीक रहता है। साथ ही तेज गति वाले वाहनों के लिए निर्धारित दाहिनी लेन पर ही गाड़ी चलाएं और बार-बार लेन बदलने से बचें। इससे दुर्घटना का खतरा रहता है। आप जिस दिशा में मुड़ना चाहते हैं, उसी हिसाब से दाईं या बाईं लेन का चुनाव करें।

ओवरस्पीड 

तेज रफ्तार में न चलाएं कार 

हाइवे पर लगे साइनबोर्ड में अंकित गति सीमा से अधिक पर गाड़ी चलाना दुर्घटना का कारण बन सकता है और आपको कानूनी पचड़े में फंसा सकता है। साथ ही लेन बदलते समय या दाएं-बाएं मुड़ते समय हमेशा इंडिकेटर का प्रयोग करना चाहिए। हाइवे पर आने वाले क्रॉसिंग और चौराहों पर गाड़ी की धीमी गति कर लेनी चाहिए। साथ ही सामने के वाहन से उचित दूरी बनाकर रखना और ओवरटेकिंग करते समय पीछे वाले वाहनों पर नजर रखना ठीक रहता है।