
अमेरिका: डेल्टा वेरिएंट का प्रसार तेज, रोजाना दर्ज हो रहे एक लाख से अधिक मामले
क्या है खबर?
कोरोना वायरस महामारी से दुनिया के सर्वाधिक प्रभावित देश अमेरिका में संक्रमण एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है और रोजाना औसतन एक लाख लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं।
इससे पहले पिछली सर्दियों के दौरान दैनिक मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली थी। लगातार फैलते जा रहे डेल्टा वेरिएंट के डर के बीच स्वास्थ्य अधिकारी लोगों से वैक्सीन लगवाने की मांग कर रहे हैं।
अमेरिका में कोरोना के कारण छह लाख से अधिक मौतें हो चुकी हैं।
अमेरिका
वैक्सीनेशन कवरेज से बाहर लोग हो रहे ज्यादा संक्रमित
अमेरिका की 70 फीसदी से अधिक आबादी को वैक्सीन की एक और करीब 60 फीसदी आबादी को दोनों खुराकें लग चुकी हैं।
अब भी टेक्सस और फ्लोरिडा जैसे राज्यों में लाखों की तादाद में लोग वैक्सीन कवरेज से बाहर हैं और संक्रमण के अधिकतर मामले उन्हीं में देखने को मिल रहे हैं।
CDC निदेशक रॉशेल वेलेंस्की ने कहा कि अगर लोगों को वैक्सीनेट नहीं किया गया तो जनवरी की तरह रोजाना लाखों मामले सामने आएंगे।
कोरोना संकट
अमेरिका में ऐसे बढ़ता गया मामलों का ग्राफ
अमेरिका में पिछले साल नवंबर में पहली बार एक लाख से अधिक दैनिक मामले दर्ज हुए थे और जनवरी, 2021 में यह संख्या 2.5 लाख हो गई थी।
पीक पर पहुंचने के बाद मामलों में गिरावट आना शुरू हुई। वहीं दूसरी तरफ वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार पकड़ने लगा, जिससे वायरस का प्रसार नियंत्रित हो गया।
जून में दैनिक मामलों की संख्या गिरकर 11,000 तक आ गई थी, लेकिन छह सप्ताह बाद ये फिर से बढ़कर एक लाख पार कर चुकी है।
राहत
वैक्सीनेशन के कारण मौतों की संख्या कम हुई
मामलों के साथ अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों और मृतकों की संख्या भी बढ़ी है, लेकिन ये पिछले बार की तुलना में काफी कम हैं और इसका बड़ा कारण वैक्सीनेशन है।
स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि वैक्सीन लगवा चुके लोग वायरस से संक्रमित हो सकते हैं, लेकिन वो गंभीर रूप से बीमार नहीं होते।
इसके चलते कई राज्यों के गवर्नरों ने लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील की है, जबकि वो पहले ऐसा नहीं कर रहे थे।
जानकारी
अस्पताल में भर्ती मरीज बढ़े
अलजजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल करीब 44,000 अमेरिकी कोरोना संक्रमण के चलते अस्पतालों में भर्ती हैं। पिछले सप्ताह की तुलना में यह संख्या करीब 30 प्रतिशत और जून की तुलना में चार गुना बढ़ी है। जनवरी में 1.20 लाख लोग अस्पतालों में भर्ती थे।
अमेरिका
हालात बिगड़ने का खतरा
अमेरिका के शीर्ष महामारी विशेषज्ञ और व्हाइट हाउस के प्रमुख मेडिकल सलाहकार डॉ एंथनी फाउची ने बीते सप्ताह कहा था कि आगे का रास्ता और मुश्किल हो सकता है। उन्होंने लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील करते हुए कहा कि संक्रमित होने वाले अधिकतर लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाई है।
उन्होंने कहा कि अगर मामलों में बढ़ोतरी को देखा जाए तो स्थिति मुश्किल होने वाली है। संक्रमितों की साप्ताहिक औसत में तेज इजाफा हुआ है।
अमेरिका
इन राज्यों में तेजी से बढ़ रहे मामले
बीते हफ्ते फ्लोरिडा में रिकॉर्ड दैनिक मामले दर्ज हो रहे थे और यहां अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ी है। अमेरिका में इन दिनों संक्रमित पाए जा रहे कुल लोगों में से 20 प्रतिशत केवल फ्लोरिडा के हैं, जबकि यहां अमेरिका की लगभग 7 फीसदी आबादी रहती है।
फ्लोरिडा के अलावा जॉर्जिया, अल्बामा, मिसीसिपी, नॉर्थ कैरोलिना, साउथ कैरोलिना और केंटुकी आदि में भी तेजी से संक्रमण फैल रहा है।
कोरोना वायरस
अमेरिका और दुनियाभर में संक्रमण की क्या स्थिति?
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 20.23 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 42.88 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.57 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 6.16 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
भारत में कोरोना के 3.19 करोड़ मामले सामने आ चुके हैं और 4.06 लाख लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।