Page Loader
कोरोना वायरस के कारण एक लाख से ज्यादा मौतें, इनमें से आधी पिछले सप्ताह हुई

कोरोना वायरस के कारण एक लाख से ज्यादा मौतें, इनमें से आधी पिछले सप्ताह हुई

Apr 11, 2020
08:57 am

क्या है खबर?

दुनियाभर में कोरोना वायरस (COVID-19) के कारण मरने वालों की संख्या एक लाख से पार पहुंच गई है। पिछले साल चीन में शुरू हुई इस महामारी से 16.5 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। अगर औसत देखी जाए तो कोरोना वायरस की शुरुआत के बाद हर 90 सेकंड में एक जान जा रही है। खबर लिखे जाने तक 16,96,639 लोग इससे संक्रमित थे और 1,02,669 लोग जान गंवा चुके थे। भारत में इससे संक्रमितों की संख्या 6,000 से ज्यादा है।

कोरोना वायरस

कुल मौतों में से आधी पिछले एक सप्ताह में

कोरोना वायरस के कारण जान गंवाने वालों का आंकड़ा शुक्रवार को एक लाख पार कर गया। जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के कोरोना वायरस रिसर्च सेंटर के मुताबिक, इनमें से आधी मौतें पिछले एक सप्ताह में हुई है, जबकि इस दौरान लगभग छह लाख लोग संक्रमित हुए हैं। इससे वायरस के संक्रमण की गति का अंदाजा लगाया जा सकता है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कई देशों में लॉकडाउन लागू किए और बढ़ाए जा रहे हैं।

कोरोना वायरस

ये देश सबसे ज्यादा प्रभावित

कोरोना वायरस के कारण अमेरिका, स्पेन, इटली, फ्रांस और जर्मनी सबसे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इन देशों में क्रमश: 5,00,399, 1,58,273, 1,47,577, 125,931, 1,22,131 मामले सामने आ चुके हैं। इस महामारी के कारण सबसे ज्यादा मौतें इटली (18,849), अमेरिका (18,857), स्पेन (16,081), फ्रांस (13,197) और यूनाइडेट किंगडम (8,958) में हुई है। भारत में इसके कारण 206 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं दुनियाभर में 3.7 लाख से ज्यादा लोग इस महामारी से ठीक हो चुके हैं।

ऐहतियात

संक्रमण रोकने के लिए इन देशों ने बढ़ाया लॉकडाउन

अर्जेंटीना ने महामारी के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन को 27 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। राष्ट्रपति एलबर्तो फर्नांडीज ने शुक्रवार को देश के नाम संबोधन में इसकी घोषणा की। इसी तरह इटली में लॉकडाउन को तीन सप्ताह आगे के लिए बढ़ा दिया गया है। पहले यहां 3 अप्रैल तक लॉकडाउन था, जिसे बढ़ाकर 13 अप्रैल किया गया। अब एक बार फिर इसे तीन सप्ताह यानी 3 मई तक बढ़ा दिया गया है।

लॉकडाउन

भारत में लॉकडाउन खुलने पर संशय

भारत में 24 मई को 21 दिनों के लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। 14 अप्रैल को खत्म होने वाला लॉकडाउन अपने अंतिम चरण में है। हालांकि, इसके हटने या जारी रहने पर अभी संशय है। कई राज्यों ने केंद्र सरकार को इसे जारी रखने का सुझाव दिया है। पंजाब और ओडिशा इसे आगे बढ़ा चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को सभी मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें लॉकडाउन पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

कोरोना वायरस

लॉकडाउन खत्म करने को लेकर WHO ने चेताया

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कई देशों में जारी लॉकडाउन हटाने के लेकर चेताया है। WHO प्रमुख ने कहा कि लॉकडाउन खत्म करने को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। लॉकडाउन हटाने में जल्दबाज़ी नहीं दिखानी चाहिए। अगर जल्दबाजी में लॉकडाउन हटाए जाते हैं तो मरने वालों की तादाद बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि WHO अलग-अलग सरकारों के साथ मिलकर पाबंदियां कम करने पर काम कर रहा है।

जानकारी

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की हालात में सुधार

कोरोना वायरस से संक्रमित ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की सेहत में सुधार देखा गया है। हालात में सुधार होने के बाद उन्हें इनटेंसिव केयर यूनिट (ICU) से निकाल लिया गया है। अब वो थोड़ा घूम-फिर भी सकते हैं।