'मानसिक थकान' दूर करने के लिए कर्मचारियों को 11 दिनों की छुट्टी दे रही यह कंपनी
क्या है खबर?
कई बार दिनभर की 8-9 घंटे की नौकरी और व्यस्त जीवनशैली के कारण व्यक्ति अपने परिवार और खुद के लिए वक्त नहीं निकाल पाता है। इससे इंसान के अंदर चिड़चिड़ापन और मानसिक थकान हो जाती है।
इस बात को ध्यान में रखते हुए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म मीशो ने 'रीसेट और रिचार्ज ब्रेक' की घोषणा की है।
कंपनी मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अपने कर्मचारियों को 11 दिनों के लिए छुट्टी देगी। ये जानकारी मीशो ने अपनी वेबसाइट पर दी है।
जानकारी
त्योहारों के सीजन के बाद कर्मचारियों को मिलेंगी छुट्टियां
वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, कर्मचारियों को 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक ये छुट्टियां दी जाएंगी यानी त्योहारों के सीजन के बाद कर्मचारी इन छुट्टियों पर अपने परिवार से मिल सकते हैं या फिर कहीं भी घूम सकते हैं।
मीशो कंपनी का कहना है कि अगर उनके कर्मचारी खुश रहेंगे तो उनका मानसिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा, इससे वो मेहनत से काम करने में सक्षम रहेंगे।
बयान
मीशो कंपनी के CEO ने ट्वीट कर दी जानकारी
मीशो कंपनी के संस्थापक और CEO संजीव बर्नवाल ने ट्विटर पर 'रीसेट और रिचार्ज ब्रेक' के बारे में जानकारी देते हुए ट्वीट भी किया है।
उन्होंने लिखा, 'कंपनी ने लगातार दूसरे साल 11 दिनों के लिए ब्रेक की घोषणा की है। आने वाले त्योहारों के बाद वर्क लाइफ बैलेंस के महत्व को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी 22 अक्टूबर से 1 नवंबर से रीसेट और रिचार्ज करने के लिए छुट्टी ले सकते हैं। मानसिक स्वास्थ्य सबसे जरूरी है।'
जानकारी
कंपनी ने पिछले साल भी दी थी 10 दिनों की छुट्टी
मीशो ने पिछले साल भी अपने कर्मचारियों को 10 दिन की छुट्टी दी थी। तब कंपनी ने 4 नवंबर से 14 नवंबर तक काम नहीं किया था। इन छुट्टियों के अलावा भी कर्मचारियों को सिफ लीव या अन्य त्योहारों पर छुट्टियां मिलती हैं।
ट्विटर पोस्ट
मानसिक स्वास्थ्य जरूरी है- बर्नवाल
We’ve announced an 11-day company-wide break for a second consecutive year!
— Sanjeev Barnwal (@barnwalSanjeev) September 21, 2022
Keeping the upcoming festive season the significance of #WorkLifeBalance in mind, Meeshoites will take some much-needed time off to Reset Recharge from 22 Oct-1 Nov.
Mental health is important.
मीशो
मीशो ऐप से छोटे उद्यमियों को मिली मदद
मीशो ऐप की शुरुआत IIT दिल्ली से पढ़े विदित आत्रे और संजीव बर्नवाल ने 2015 में की थी।
यह एक ऑनलाइन फैशन स्टोर ऐप है। कपड़ों के अलावा भी यहां बहुत से सामान मिलते हैं।
यह ऐप छोटे और मध्यम उद्योगों या उद्यमियों को ग्राहकों से जुड़ने की सुविधा देती है। कंपनी का दावा है कि ऐप के जरिए अधिकतर महिलाओं ने पहली बार अपना बिजनेस शुरू किया है।
फेसबुक ने भी मीशो में हिस्सेदारी खरीदी थी।
जानकारी
जेंडर न्यूट्रल पैरेंटल लीव पॉलिसी भी लागू कर चुकी है मीशो
मीशो में जेंडर न्यूट्रल पैरेंटल लीव पॉलिसी लागू है। इसके तहत बच्चे का जन्म होने पर कंपनी उसके यहां काम करने वाले माता-पिता को 30 सप्ताह की छुट्टी देगी। यह पॉलिसी महिलाओं, पुरुषों और समलैंगिक जोड़ों पर समान रूप से लागू होती है।
न्यूजबाइट्स प्लस
मानसिक स्वास्थ्य के महत्त्व को दर्शाते हैं ये आंकड़े
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) 2021 की रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में 1,64,033 लोगों ने आत्महत्या की थी। इसका मुख्य कारण मानसिक तनाव के साथ-साथ करियर की समस्याएं, दुर्व्यवहार, हिंसा, शराब की लत, पारिवारिक समस्याएं बताई गई हैं।
इसमें सबसे पहले नंबर पर दिल्ली और फिर चेन्नई, बेंगलुरू और मुंबई हैं।
कोरोना महामारी के बाद से कई लोगों को मानसिक समस्या की वजह से डॉक्टरी मदद की भी जरूरत पड़ी है।