Page Loader
भारत की इन 5 जगहों पर जाने के लिए लेनी पड़ती है विशेष अनुमति, जानिए कारण
इन भारतीय जगहों पर घूमने के लिए चाहिए विशेष अनुमति

भारत की इन 5 जगहों पर जाने के लिए लेनी पड़ती है विशेष अनुमति, जानिए कारण

लेखन अंजली
May 22, 2023
07:30 pm

क्या है खबर?

भारत सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध विरासत वाला देश है, लेकिन इसके 29 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों की यात्रा करना एक जैसा नहीं है। सुरक्षा कारणों से भारत की कुछ जगहों पर जाने के लिए भारतीयों को भी विशेष अनुमति लेनी पड़ती है। आइए आज हम आपको भारत की ऐसी 5 जगहों के बारे में बताते हैं, जहां जाने के लिए आपके पास इनर लोन परमिशन (ILP) जरूर होनी चाहिए।

जानकारी

ILP क्या है?

ILP यानी इनर लोन परमिशन कोई नया नियम नहीं है, बल्कि यह एक तरह का परमिट है। इस परमिट की आवश्यकता तब होती है जब लोग ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों की यात्रा कर रहे होते हैं, जो अन्य देशों के साथ सीमा साझा करते हैं। यह पर्यटकों की सुरक्षा करने, लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने और जनजातीय समुदाय के कल्याण के लिए जरूरी है।

#1

अरुणाचल प्रदेश

अरुणाचल प्रदेश भारत के उत्तर-पूर्वी भाग में स्थित एक ऐसा खूबसूरत राज्य है, जो चीन, भूटान और म्यांमार के साथ अपनी सीमा साझा करता है। यात्रियों को कोलकाता, शिलांग, गुवाहाटी और दिल्ली जैसे शहरों के रेजिडेंट कमिश्नर से अरुणाचल प्रदेश जाने के लिए परमिट लेना होगा। इस खूबसूरत राज्य में ILP कुछ संरक्षित क्षेत्रों के लिए ही है, जिसके लिए लगभग 100 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करने होंगे और इसकी वैधता लगभग 30 दिनों तक रहेगी।

#2

नागालैंड

नागालैंड भी उत्तर-पूर्वी भाग में स्थित भारतीय राज्य है और यहां जाने के लिए भी आपको ILP की जरूरत है। यह राज्य कई जनजातियों का घर है और म्यांमार के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा भी साझा करता है, जिस कारण यह एक संवेदनशील क्षेत्र बन जाता है। यहां के लिए दिल्ली, कोलकाता, कोहिमा, दीमापुर, शिलांग और मोकोकचुंग के डिप्टी कमिश्नर से ILP लिया जा सकता है।

#3

लक्षद्वीप

लक्षद्वीप भारत का एक खूबसूरत केंद्र शासित प्रदेश है, जो भारत के पश्चिमी तट से लगभग 300 किलोमीटर की दूरी पर अरब सागर के अद्भुत फिरोजा पानी के बीच स्थित है। देश के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में से एक लक्षद्वीप 36 प्रवाल द्वीपों का एक समूह है, जो अपने समुद्र तटों और स्वादिष्ट भोजन के लिए जाना जाता है। इस केंद्र शासित प्रदेश में प्रवेश करने के लिए पुलिस निकासी प्रमाणपत्र और विशेष परमिट की आवश्यकता होती है।

#4

मिजोरम

मिजोरम भी भारत के उत्तर-पूर्वी भाग में स्थित राज्य है, जो म्यांमार और बांग्लादेश के साथ सीमा साझा करता है और कई स्वदेशी जनजातियों का घर भी है। यहां की यात्रा के लिए ILP सिलचर, कोलकाता, शिलांग, दिल्ली और गुवाहाटी से लिया जा सकता है। यदि आप हवाई जहाज से यात्रा कर रहे हैं तो आइजोल के लेंगपुई हवाई अड्डे पर सुरक्षा अधिकारी से यहां की यात्रा के लिए विशेष पास ले सकते हैं।

#5

सिक्किम

हिमालय का प्रवेश द्वार माना जाने वाला सिक्किम सुंदर घास के मैदानों, शानदार व्यंजनों, कई मठों, क्रिस्टल झीलों और आकर्षक दृश्यों के प्रसिद्ध है। भारत के उत्तर-पूर्वी भाग में स्थित सबसे छोटे राज्यों में से एक सिक्किम की कुछ जगहों पर जाने के लिए भी विशेष परमिट की आवश्यकता होती है। परमिट पर्यटन और नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा जारी किया जाता है। इसके अलावा बागडोगरा हवाई अड्डे और रंगपो चेक पोस्ट से भी परमिट प्राप्त किया जा सकता है।