LOADING...
अरुणाचल प्रदेश: भारत-चीन सीमा के पास से लापता हुए 19 मजदूर, सर्च अभियान जारी
अरुणाचल प्रदेश में LAC के पास से 19 मजदूर लापता हो गए हैं (तस्वीर- ट्विटर/@RahulDeoKumar)

अरुणाचल प्रदेश: भारत-चीन सीमा के पास से लापता हुए 19 मजदूर, सर्च अभियान जारी

Jul 19, 2022
01:03 pm

क्या है खबर?

अरुणाचल प्रदेश में चीन से लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास से 19 मजदूर लापता हो गए हैं। यह मजदूर कुरुंग कुमे जिले में सीमा सड़क संगठन (BRO) के तहत एक सड़क बनाने आए थे और लगभग दो हफ्ते पहले लापता हुए। उन्हें खोजने के लिए सर्च अभियान चलाया गया है। कुमी नदी में एक मजदूर का शव मिलने की अपुष्ट खबरें भी हैं और खबरों की पुष्टि करने के लिए टीमें भेजी गई हैं।

मामला

असम से लाए गए थे लापता मजदूर, ईद की छुट्टी न मिलने पर भागे

ठेकेदार द्वारा दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश के दामिन सर्कल में BRO के तहत एक सड़क बनाने के लिए वह असम से 19 मजदूर लेकर आया था। इन मजदूरों से उससे ईद पर घर जाने के लिए छुट्टी मांगी थी, लेकिन ठेकेदार ने उन्हें छुट्टी नहीं दी जिसके बाद 5 जुलाई को वो कैंप छोड़कर भाग गए। कुछ मजदूरों के परिजनों ने भी पुलिस में उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

आशंका

मजदूरों के बाढ़ में बहने की आशंका

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, ईद की छुट्टी न मिलने पर ये मजूदर पैदल ही असम के लिए निकल गए थे। इसी दौरान वे कुरुंग कुमे जिले में भटक गए। बचाव टीम ने उनके कुमी नदी में आई बाढ़ में बहने की आशंका जताई है। हालांकि इसे लेकर अभी तक कुछ स्पष्ट नहीं है। एक मजदूर का शव नदी में मिलने की खबरों ने इस आशंका को बल दिया है।

Advertisement

आरोप

असम से मजदूर लाने के लिए उप ठेकेदार के खिलाफ FIR

पुलिस ने असम के कोकराझार और धुबरी जिले से मजूदरों को लाने के लिए उप ठेकेदार के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। पुलिस के सूत्रों ने NDTV को बताया कि जून में धुबरी में परिजनों ने सात मजदूरों के लापता होने की FIR दर्ज कराई थी। अभी शिकायत में उन्होंने कहा था कि रेजौल करीम नामक शख्स ईटानगर में काम दिलाने का वादा करके 30 मई को उन्हें लेकर गया था और तभी से उनकी कोई खबर नहीं है।

Advertisement

महत्व

रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण है दामिन में बन रही सड़क

बता दें कि लापता मजदूर BRO के तहत दामिल में जो सड़क बना रहे थे, वो रणनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण है। दामिन इलाके में भारत का आखिरी प्रशासनिक केंद्र है और ये LAC से मात्र 80 किलोमीटर दूर है। BRO सीमावर्ती इलाकों में सड़क बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा बनाया गया एक संगठन है और ये LAC के पास कई रणनीतिक सड़के बना चुका है। चीन इस संगठन से बहुत नाखुश रहता है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

भारी बारिश के कारण हाल ही तक पूर्वोत्तर के ज्यादातर राज्यों में बाढ़ आई हुई थी और असम में तो लगभग सभी जिले बाढ़ में डूब गए थे। बारिश के कारण कई नदियां भी उफान पर आ गई थीं जिनमें कुमी नदी भी शामिल है।

Advertisement