Page Loader
कैलिफोर्निया: एक कंपनी ने 186 करोड़ रुपये में खरीदा अनोखा शहर, 1983 से पड़ा था खाली
अमेरिका में खाली पड़े शहर को कंपनी ने 186 करोड़ रुपये में खरीदा

कैलिफोर्निया: एक कंपनी ने 186 करोड़ रुपये में खरीदा अनोखा शहर, 1983 से पड़ा था खाली

लेखन अंजली
May 22, 2023
02:27 pm

क्या है खबर?

अब तक आपने यह सुना होगा कि किसी शख्स ने इतने लाख या करोड़ रुपये का घर खरीदा, लेकिन हाल ही में अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक कंपनी ने 2.25 करोड़ डॉलर (लगभग 186 करोड़ रुपये) में एक अनोखा शहर खरीदा है। इसे आसपास के लोग भूतिया जगह के नाम से जानते हैं। यह शहर 1983 से खाली पड़ा है और कभी कैसर स्टील के लिए प्रसिद्ध था। आइए पूरी खबर के बारे में विस्तार से जानते हैं।

जगह

क्या है शहर का नाम?

द मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, इस अनोखे शहर का नाम ईगल माउंटेन है, जो कैलिफोर्निया के जोशुआ ट्री नेशनल पार्क की सीमा से सटा हुआ है। इसे हाल ही में इकोलॉजी माउंटेन होल्डिंग्स नामक कंपनी ने खरीदा है। व्यावसायिक पते को छोड़कर कंपनी के बारे में अधिक सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। SFGATE की रिपोर्ट के अनुसार, यह कंपनी इकोलॉजी ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज से जुड़ी है और अपने रेड बिग रिग्स के लिए जानी जाती है।

जानकारी

कभी बहुत संपन्न हुआ करता था यह शहर

यह शहर कभी घरों, व्यवसायों और हाई स्कूल से संपन्न था, लेकिन 1970 के दशक में कैसर स्टील के कर्मचारियों की कटौती के साथ इसका पतन शुरू हुआ और 40 साल पहले 1983 में इसे बंद कर दिया गया। शहर के पतन ने बाहरी लोगों का ध्यान आकर्षित किया और पूर्व निवासी अभी भी ऑनलाइन समुदायों के जरिए इससे संपर्क बनाए हुए हैं।

बंद

खुद में कई पुरानी कहानियों को समेटे हुए है यह शहर

ईगल माउंटेन से जुड़ा एक किस्सा यह भी है कि कैसर स्टील के जाने के बाद शहर में एक कम सुरक्षा वाली जेल भी खोली गई थी, जो 40 साल पहले ही बंद हो गई थी। इन वर्षों में ईगल माउंटेन एक लोकप्रिय फिल्मांकन स्थान और रोमांच की तलाश में रहने वाले लोगों के लिए एक गंतव्य बन गया। यहां की शांत सड़कें, पुरानी संरचनाएं और धूल भरे अवशेष कई कहानियों को खुद में समेटे हुई हैं।

अन्य शहर

ईगल माउंटेन के साथ वाले शहर को भी किसी कंपनी ने खरीदा

ईगल माउंटेन के साथ-साथ इसके पड़ोसी शहर में भी लोगों की संख्या में गिरावट देखी गई है, लेकिन हाल ही में एक कंपनी ने उसे खरीदकर वहां ट्रक स्टॉप, गैस स्टेशन और होटल विकसित करने की योजना बनाई है। खरीददार के इरादे स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन उसके पत्थर के उत्पादों और खनिजों के खनन उद्यम शुरू करने की संभावना है। ईगल माउंटेन का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है, लेकिन इसका इतिहास और नवीनीकरण की क्षमता अभी भी दिलचस्प है।