Page Loader
टी-20 विश्व कप 2024 के लिए श्रीलंका की टीम, शेड्यूल और अन्य सभी अहम जानकारी 
श्रीलंका क्रिकेट टीम दूसरी बार खिताब अपने नाम करना चाहेगी (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2024 के लिए श्रीलंका की टीम, शेड्यूल और अन्य सभी अहम जानकारी 

May 23, 2024
03:04 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 इस बार 1 जून से अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है। वनिंदु हसरंगा की कप्तानी में श्रीलंका क्रिकेट टीम दूसरी बार खिताब अपने नाम करना चाहेगी। टी-20 प्रारूप में यह टीम पहले जितनी खतरनाक नहीं है, लेकिन वह अभी भी अन्य टीमों को कड़ी चुनौती दे सकती है। इस बीच आगामी संस्करण के लिए श्रीलंका की टीम, शेड्यूल और अन्य सभी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

टीम

ऐसी है श्रीलंका की टीम 

कुसल मेंडिस, पथुम निसांका और कप्तान हसरंगा से टीम को काफी उम्मीदें होंगी। टीम की गेंदबाजी बल्लेबाजी से ज्यादा मजबूत नजर लग रही है। टी-20 विश्व कप के लिए श्रीलंकाई टीम: वनिंदु हसरंगा (कप्तान), चरित असलांका (उपकप्तान), कुसल मेंडिस, पथुम निसांका, कामिंदु मेंडिस, सदीरा समरविक्रमा, एंजेलो मैथ्यूज, दासुन शनाका, धनंजय डी सिल्वा, महीश तीक्षाना, दुनिथ वेलालागे, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, नुवान तुषारा और दिलशान मदुशंका। ट्रेवलिंग रिजर्व: असिथा फर्नांडो, विजयकांत व्यासकांत, भानुका राजपक्षे और जेनिथ लियानागे।

कार्यक्रम

ऐसा है श्रीलंका की टीम का कार्यक्रम 

श्रीलंका टीम को ग्रुप-D में रखा गया है, जहां उसके साथ दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम, बांग्लादेश, नेपाल और नीदरलैंड की टीम है। श्रीलंका अपने अभियान की शुरुआत 3 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगी। 7 जून को श्रीलंका का सामना बांग्लादेश क्रिकेट टीम से होगा। इसके बाद नेपाल के खिलाफ 11 जून और नीदरलैंड के खिलाफ 16 जून को श्रीलंका खेलते हुए नजर आएगी। बता दें कि प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष-2 टीमें सुपर-8 में पहुचेंगी।

खिताब

2014 में खिताब जीत चुकी है श्रीलंकाई टीम 

श्रीलंकाई टीम ने 2014 में टी-20 विश्व कप का खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने भारतीय क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हराया था। ऐसे में 1 दशक के बाद श्रीलंकाई टीम अपने दूसरे खिताब की तलाश में होगी। एक बार ये खिताब अपने नाम कर चुकी श्रीलंकाई टीम 2 बार उपविजेता भी रही है। इस टीम को 2009 और 2012 के संस्करण में फाइनल में हार झेलनी पड़ी थी।

प्रदर्शन 

श्रीलंका के इन खिलाड़ियों ने किया है अच्छा प्रदर्शन 

महेला जयवर्धने ने टी-20 विश्व कप में श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 31 मैच में 39.07 की औसत और 134.74 की स्ट्राइक रेट से 1,016 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100 रन रहा था। तिलकरत्ने दिलशान दूसरे स्थान पर हैं, उन्होंने 124.06 की स्ट्राइक रेट से 897 रन बनाए थे। लसिथ मलिंगा ने श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 38 विकेट झटके थे। अजंता मेंडिस के नाम 35 विकेट था।