
टी-20 विश्व कप 2024 के बाद रोहित शर्मा ले सकते हैं टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास- रिपोर्ट
क्या है खबर?
इस साल टी-20 विश्व कप 2024 की शुरुआत 1 जून से होनी है।
इस बार ये संस्करण अमेरिका और वेस्टइंडीज में संयुक्त रूप से खेला जाना है, जिसमें रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
इस बीच ऐसी खबर है कि रोहित इस टी-20 विश्व कप के ठीक बाद खेल के सबसे छोटे प्रारूप से संन्यास ले सकते हैं।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
रोहित की जगह हार्दिक पांड्या बन सकते हैं भारतीय टी-20 टीम के कप्तान
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित इस विश्व कप के बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय को अलविदा कह सकते हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अब रोहित के बाद हार्दिक पांड्या को टी-20 टीम का नियमित कप्तान बना सकता है।
बता दें कि हार्दिक इस समय भारतीय टी-20 टीम के उपकप्तान हैं और पिछले कुछ समय में रोहित की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभालते रहे हैं।
रोहित
हार्दिक पांड्या का टी-20 विश्व कप में चयन दबाव में हुआ है- रिपोर्ट
इस समय खेली जा रही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में रोहित मुंबई इंडियंस (MI) की टीम से खेल रहे हैं। इस टीम की कप्तानी हार्दिक ही कर रहे हैं।
हार्दिक के कप्तान नियुक्त किए जाने के बाद से इन दोनों के बीच मनमुटाव की भी खबरें हैं।
इसके अलावा रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित और भारतीय चयनकर्ता अजीत अगरकर हार्दिक को टी-20 विश्व कप की टीम में नहीं चुनना चाहते थे और दबाव के बीच उन्हें जगह दी है।
रोहित
IPL 2024 में रोहित का प्रदर्शन
रोहित का हालिया प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उनके पिछले 6 स्कोर क्रमशः 19, 4, 11, 4, 8 और 6 रन रहे हैं।
IPL 2024 में उन्होंने अब तक 13 मैचों में 29.08 की औसत और 145.41 की स्ट्राइक रेट के साथ 349 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 1 ही अर्धशतक लगाए हैं।
उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ इस सीजन में अपना शतक (105*) लगाया था।
विश्व कप
टी-20 विश्व कप में रोहित का प्रदर्शन
रोहित टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे स्थान पर हैं।
उन्होंने अपना पहला टी-20 विश्व कप मैच साल 2007 में खेला था। भारत ने उसी साल ट्रॉफी भी अपने नाम की थी।
रोहित ने अब तक 39 मुकाबले खेल हैं। इसकी 36 पारियों में उन्होंने 34.39 की औसत और 127.88 की स्ट्राइक रेट से 963 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 9 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 79* रन रहा है।