Page Loader
टेस्ट क्रिकेट: मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज 
जसप्रीत बुमराह का मेलबर्न के मैदान पर जलवा रहा है (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टेस्ट क्रिकेट: मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज 

Dec 20, 2024
08:20 am

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (2024-25) सीरीज खेली जा रही है। दोनों टीमों ने 1-1 मुकाबला जीता है और 1 मैच ड्रॉ रहा है। चौथा मुकाबला 26 दिसंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। ऐसे में दोनों टीमों के लिए चौथा मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। मेलबर्न के मैदान पर कई ऐसे भारतीय गेंदबाज हैं, जिनका प्रदर्शन उम्दा रहा है। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

जसप्रीत बुमराह और अनिल कुंबले 

सूची में पहले स्थान पर संयुक्त रूप से जसप्रीत बुमराह और पूर्व दिग्गज अनिल कुंबले हैं। दोनों खिलाड़ियों ने इस मैदान पर 15-15 विकेट लिए हैं। बुमराह ने 2 मैच की 4 पारियों में 13.06 की उम्दा औसत के साथ ये विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/33 का रहा है। कुंबले ने 3 मैच की 6 पारियों में 37 की औसत से ये विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/176 का रहा है।

#2

रविचंद्रन अश्विन और कपिल देव 

सूची में दूसरे स्थान पर भी संयुक्त रूप से 2 खिलाड़ी हैं। ये गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन और कपिल देव हैं। दोनों ने इस मैदान पर 14-14 विकेट लिए हैं। अश्विन ने 3 मैच की 6 पारियों में 32.57 की औसत से ये विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/35 का रहा है। कपिल ने 20.50 की औसत से 14 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने 2 बार 5 विकेट हॉल भी लिए है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/28 का रहा है।

#3

उमेश यादव 

उमेश यादव सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2011 में इस मैदान पर अपना पहला टेस्ट खेला था। अभी वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने 3 मैच की 6 पारियों में 33.76 की औसत से 13 विकेट झटके थे। वह 1 बार 4 विकेट हॉल लेने में भी सफल रहे थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/70 का रहा था। उमेश ने ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर 10 टेस्ट खेले हैं और 31 विकेट झटके हैं।

#4

भागवत चंद्रशेखर और जहीर खान 

भारतीय टीम के 2 पूर्व दिग्गज गेंदबाज भागवत चंद्रशेखर और जहीर खान इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। दोनों गेंदबाजों ने यहां 12-12 विकेट लिए थे। चंद्रशेखर ने 2 मैच की 3 पारियों में 11.58 की औसत के साथ ये विकेट झटके थे। उन्होंने 2 बार 5 विकेट हॉल लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/52 का रहा था। जहीर ने 3 मैच की 5 पारियों में ये विकेट अपने नाम किए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/77 का रहा था।