
ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत: ट्रेविस हेड ने अपने टेस्ट करियर का आठवां शतक लगाया, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के ट्रेविस हेड ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ एडिलेड में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट में शानदार शतक लगाया।
यह उनके टेस्ट करियर का कुल आठवां और भारतीय टीम के खिलाफ दूसरा शतक रहा।
उनकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने भारत के 180 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में 300 से अधिक का स्कोर बनाया है।
आइए हेड की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही हेड की पारी
जब ऑस्ट्रेलिया ने 103 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवाया, तब हेड क्रीज पर आए। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी की और मौके मिलने पर आकर्षक शॉट लगाए।
इस बीच उन्होंने मार्नस लाबुशेन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 65 रन की उपयोगी साझेदारी की।
अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हेड ने दूसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान अपना शतक पूरा किया।
वह 141 गेंदों पर 140 रन बनाकर आउट हुए।
पिंक बॉल
हेड ने पिंक बॉल टेस्ट में लगाया अपना तीसरा शतक
हेड का यह पिंक बॉल टेस्ट में कुल तीसरा शतक है। डे-नाइट टेस्ट में उनसे ज्यादा शतक सिर्फ लाबुशेन (4) ने लगाए हैं।
हेड ने एशेज सीरीज 2021-22 के पांचवें टेस्ट में शतक लगाया था। होबार्ट में खेले गए उस पिंक बॉल टेस्ट में अपनी पहली पारी में उन्होंने 101 रन बनाए थे।
इसके अलावा उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिसंबर 2022 में खेले गए डे-नाइट टेस्ट में भी शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने पहली पारी में 175 रन बनाए थे।
शतक
हेड ने पिंक बॉल से लगाया सबसे तेज शतक
हेड ने 111 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह डे-नाइट टेस्ट में सबसे तेज शतक का नया रिकॉर्ड बन गया है। उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड में सुधार किया। इससे पहले पिंक बॉल टेस्ट में सबसे तेज शतक हेड ने इंग्लैंड के खिलाफ (112 गेंदों में) 2022 में बनाया था।
डे-नाइट टेस्ट में तीसरा सबसे तेज शतक (125 गेंद बनाम वेस्टइंडीज, 2021) भी हेड के नाम पर है।
जो रूट (139) और असद शफीक (140) इस सूची में अन्य हैं।
बनाम भारत
भारत के खिलाफ अच्छा रहा है हेड का प्रदर्शन
हेड ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 12 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 47.75 की औसत के साथ 955 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 2 शतक और 4 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ अपना पिछला टेस्ट शतक विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 के फाइनल में बनाया था।
भारतीय टीम के खिलाफ उनके पिछले 5 स्कोर क्रमशः 140, 89, 11. 18 और 163 रन हैं।
करियर
ऐसा है हेड का टेस्ट करियर
हेड ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2018 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 51 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 84 पारियों में 3,300 से ज्यादा रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके टेस्ट करियर का यह 8वां शतक है। उन्होंने 17 अर्धशतक भी जड़े हैं।
अपने टेस्ट करियर में हेड ने सबसे ज्यादा रन (910) इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर हेड का यह 7वां शतक है।