LOADING...
IPL: सबसे कम मैचों में कप्तानी करते हुए खिताब जीतने में सफल हुए ये खिलाड़ी
पाटीदार की कप्तानी में RCB ने जीता खिताब (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL: सबसे कम मैचों में कप्तानी करते हुए खिताब जीतने में सफल हुए ये खिलाड़ी

Jun 05, 2025
03:15 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के खिताब पर इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में RCB ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 रन से हरा दिया। रजत पाटीदार की कप्तानी में इस सीजन में RCB ने अपनी चुनौती पेश की। वह कप्तानी के पहले ही सीजन में खिताब जीतने में सफल रहे। इस बीच सबसे कम मैचों में कप्तानी करते हुए खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।

#1 

रजत पाटीदार (13 मैच, 2025)

पाटीदार ने इस सीजन में सिर्फ 13 मैचों में कप्तानी की। वह चोट के कारण 2 मैचों में बतौर इम्पैक्ट प्लेयर खेले। इसके साथ ही वह सबसे कम मैचों में कप्तानी करते हुए ट्रॉफी जीतने (संयुक्त रूप से) वाले कप्तान बने। IPL 2025 में पाटीदार ने 14 पारियों में 24.00 की औसत और 143.77 की स्ट्राइक रेट से 312 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 64 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगाए।

#2 

रोहित शर्मा (13 मैच, 2013)

IPL 2013 में शुरुआती मैचों में MI की कप्तानी रिकी पोंटिंग ने की थी। हालांकि, निराशाजनक प्रदर्शन के बीच उन्होंने खुद को टीम से ड्रॉप किया था और रोहित को कप्तान बनाया गया था। रोहित की कप्तानी में MI ने फाइनल में CSK को 23 रन से हराते हुए खिताब जीता था। उन्होंने 13 मैचों में कप्तानी की थी। उस सीजन में रोहित ने 19 मैचों में 38.42 की औसत और 131.54 की स्ट्राइक रेट से 538 रन बनाए थे।

#3 

हार्दिक पांड्या (15 मैच, 2022)

हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस (GT) की 2022 सीजन में कप्तानी की थी। उनके नेतृत्व में GT ने खिताब पर कब्जा जमाया था। फाइनल में GT ने RR को 7 विकेट से हराया था। हार्दिक ने 15 मैचों में कप्तानी करते हुए GT को खिताब जिताया था। उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 44.27 की औसत के साथ 487 रन बनाए थे। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 7.27 की इकॉनमी रेट से 8 विकेट लिए थे।

#4 

शेन वॉर्न (15 मैच, 2008)

IPL का पहला संस्करण 2008 में खेला गया था, जिसका खिताब राजस्थान रॉयल्स (RR) ने अपने नाम किया था। RR की कप्तानी शेन वॉर्न ने की थी और उनके नेतृत्व में RR ने फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को हराया था। वॉर्न ने उस सीजन में 15 मैचों में कप्तानी की थी। उनके प्रदर्शन की बात करें तो पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने 21.26 की औसत के साथ 19 विकेट लिए थे।