Page Loader
IPL इतिहास में शतक लगाने के साथ-साथ हैट्रिक लेने का कारनामा कर चुके हैं ये खिलाड़ी
IPL में हैट्रिक ले चुके हैं नरेन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL इतिहास में शतक लगाने के साथ-साथ हैट्रिक लेने का कारनामा कर चुके हैं ये खिलाड़ी

May 15, 2025
02:42 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 इस समय अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बाद अब 17 मई से बचे हुए मैच खेले जाएंगे और 3 जून को फाइनल होगा। लीग में विश्व स्तरीय खिलाड़ियों की मौजूदगी में इस बार भी कई रिकॉर्ड्स बने और टूटे। इस बीच IPL इतिहास में शतक लगाने के साथ-साथ हैट्रिक लेने का कारनामा कर चुके खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।

#1 

रोहित शर्मा

बल्ले से कई कीर्तिमान हासिल करने वाले रोहित शर्मा ने गेंदबाजी में भी कमाल किया है। उन्होंने IPL 2009 में डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते हुए अपनी मौजूदा टीम MI के खिलाफ हैट्रिक ली थी। रोहित ने उस मुकाबले में अभिषेक नायर, हरभजन सिंह और जेपी डुमिनी को आउट किया था। वह IPL में 2 शतक भी लगा चुके हैं। उन्होंने MI से खेलते हुए KKR के खिलाफ 109 (2012) और CSK के खिलाफ 105* रन (2024) बनाए थे।

#2 

शेन वाटसन 

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज शेन वाटसन ने IPL 2014 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हैट्रिक ली थी। उन्होंने शिखर धवन, मोइजेस हेनरिक्स और कर्ण शर्मा को लगातार गेंदों पर आउट किया था। उन्होंने IPL में 4 शतक लगाए थे। वाटसन ने अपने IPL करियर में 141 पारियों में 30.99 की औसत से 3,874 रन बनाए थे। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 29.15 की औसत से 92 विकेट लिए थे।

#3 

सुनील नरेन

अपनी करिश्माई गेंदबाजी के लिए विश्व विख्यात सुनील नरेन बल्लेबाजी में भी कुछ अच्छी पारियां खेल चुके हैं। उन्होंने IPL 2024 में KKR से खेलते हुए RR के खिलाफ 56 गेंदों पर 109 रन बनाए थे। इससे पहले उन्होंने IPL 2013 में पंजाब किंग्स के खिलाफ हैट्रिक ली थी। उन्होंने डेविड हसी, अजहर महमूद और गुरकीरत सिंह मान के रूप में लगातार विकेट हासिल किए थे। वह IPL 2025 में भी KKR से खेल रहे हैं।

हैट्रिक 

2008 में देखने को मिली थी पहली हैट्रिक

IPL के इतिहास की पहली हैट्रिक 2008 में CSK के लक्ष्मीपति बालाजी ने ली थी। वहीं, IPL में आखिरी हैट्रिक 2023 में राशिद खान ने ली थी। दिलचस्प रूप से अमित मिश्रा IPL इतिहास में 3 हैट्रिक लेने वाले इकलौते गेंदबाज हैं। उनकी पहली हैट्रिक 2008 के उद्घाटन संस्करण में डेक्कन चार्जर्स (5/17) के खिलाफ आई थी। युवराज सिंह और युजवेंद्र चहल ने भी 2-2 हैट्रिक लेने का कारनामा किया है।