टी-20 विश्व कप के इतिहास में इन बल्लेबाजों ने एक पारी में लगाए सर्वाधिक छक्के
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2024 की शुरुआत 1 जून से हो जाएगी। इस बार ये संस्करण 20 टीमों के बीच अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है।
इस समय जारी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में खूब छक्के लग रहे हैं और ऐसी उम्मीद है कि टी-20 विश्व कप में भी ऐसा ही देखने को मिलेगा।
इस बीच टी-20 विश्व कप के इतिहास में एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
क्रिस गेल (11 छक्के)
वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल टी-20 विश्व कप मैच में 10 या अधिक छक्के लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज बने हुए हैं।
उन्होंने 2016 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ 48 गेंदों में नाबाद 100 रन की पारी खेली थी, जिसमें 11 छक्के शामिल थे। उस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182/6 का स्कोर बनाया था।
जवाब में वेस्टइंडीज ने इस लक्ष्य को 18.1 ओवर में ही हासिल कर लिया था।
#2
क्रिस गेल (10 छक्के)
टी-20 विश्व कप के इतिहास का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच 2007 में खेला गया था।
जोहान्सबर्ग में खेले गए इस मैच में गेल ने शतक लगाया था। इस पूर्व दिग्गज ने 57 गेंदों में 117 रनों की पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 7 चौके भी शामिल थे।
गेल की पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने 205/6 का स्कोर बनाया था। हालांकि, इस विशाल लक्ष्य को प्रोटियाज टीम ने हासिल कर लिया था।
#3
राइली रूसो (8 छक्के)
दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज राइली रूसो ने सिडनी में 2022 टी-20 विश्व कप मुकाबले में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ 56 गेंदों में 109 रन बनाकर सबका ध्यान खींचा था।
उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 194.64 की स्ट्राइक रेट के साथ 7 चौके और 8 छक्के लगाए थे। उनकी बदौलत प्रोटियाज टीम ने 20 ओवरों में 205/5 का स्कोर बनाया था।
जवाब में बांग्लादेश की टीम सिर्फ 101 रन पर आउट हो गई थी। एनरिक नॉर्खिया ने 4 विकेट लिए थे।
#4
युवराज सिंह (7 छक्के)
भारत और इंग्लैंड के बीच 2007 के टी-20 विश्व कप मुकाबले में युवराज सिंह ने एक ओवर में 6 छक्के लगाए थे।
युवराज ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में ये कारनामा किया था। उन्होंने 16 गेंदों में 58 रन बनाए थे, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल थे।
भारत ने उस मैच में 218 रन बनाए थे और लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 200/6 का स्कोर ही बना सकी थी।