LOADING...
IPL: कप्तान के तौर पर कैसा रहा महेंद्र सिंह धोनी का प्रदर्शन? नाम हैं ये रिकार्ड्स 
महेंद्र सिंह धोनी ने छोड़ी CSK की कप्तानी (तस्वीर: एक्स/@ChennaiIPL)

IPL: कप्तान के तौर पर कैसा रहा महेंद्र सिंह धोनी का प्रदर्शन? नाम हैं ये रिकार्ड्स 

Mar 21, 2024
05:01 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) की कप्तानी छोड़ दी और रुतुराज गायकवाड़ को टीम की कमान सौंपी गई है। अब तक CSK के सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाने वाले गायकवाड़ IPL 2024 से टीम का नेतृत्व करते हुए नजर आएंगे। ऐसे में धोनी की कप्तानी के सुनहरे अध्याय पर पूर्ण विराम लग गया। आइए धोने की कप्तानी के आंकड़ों और रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

उपलब्धि

100 से ज्यादा मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं धोनी 

धोनी ने IPL में कुल 226 मैचों (CSK और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए) में कप्तानी की है, जिसमें से 133 मैचों में उनकी टीम जीती है जबकि 91 में हार मिली है। इस बीच उनका जीत प्रतिशत 58.84 रहा है। वह IPL में 100 से ज्यादा मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं। उनके बाद दूसरे सर्वाधिक जीत वाले कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिनके नेतृत्व में MI ने 87 मैचों में जीत दर्ज की है।

खिताब 

धोनी की कप्तानी में 5 खिताब जीत चुकी है CSK

CSK लीग की सबसे सफल टीमों में से एक है। धोनी ने अपनी कप्तानी में टीम को 5 IPL खिताब (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) दिलाए हैं। MI भी रोहित की कप्तानी में 5 बार विजेता (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) बनी हैं। ऐसे में खिताब के लिहाज से रोहित और धोनी संयुक्त रूप से सबसे सफल कप्तान हैं। इनके बाद गौतम गंभीर के नेतृत्व में KKR 2 बार विजेता बनी है।

Advertisement

आंकड़े

धोनी की कप्तानी में CSK ने जीते 128 मैच 

धोनी ने 2008 से 2023 के बीच IPL के 212 मौकों पर CSK का नेतृत्व किया। IPL 2022 के दौरान, उन्होंने 8 मैचों में कप्तानी की बाकी मैचों में रविंद्र जडेजा ने कमान संभाली। उनके नेतृत्व में CSK ने 128 मैच जीते (जीत प्रतिशत-60.95) और 82 में हार झेली। इस बीच 2 मैच बेनतीजा रहे। धोनी ने RPS की 14 मैचों में कप्तानी की, जिसमें से 5 मैच जीते और 9 में शिकस्त झेली।

Advertisement

आंकड़े

बतौर कप्तान कैसा रहा है धोनी का प्रदर्शन?

धोनी ने बतौर कप्तान IPL में 39.82 की औसत और 137.46 की स्ट्राइक रेट से 4,660 रन अपने नाम किए। वह भारत की इस प्रतिष्ठित लीग में कप्तान के रूप में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। IPL में सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तान विराट कोहली (4,994) हैं। कप्तान के रूप में धोनी का 218 छक्कों का रिकॉर्ड किसी खिलाड़ी द्वारा सबसे अधिक है। कोहली ने 168 छक्के लगाए हैं।

आंकड़े

शानदार रहा है धोनी का IPL करियर 

धोनी ने अपने IPL करियर में अब तक 250 मैचों में 38.79 की औसत और 135.91 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,082 रन बनाए हैं। वह फिलहाल लीग में 7वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 349 चौके और 239 छक्के लगाए हैं। वह लीग में अपने 350 चौके और 250 छक्के पूरे करने के करीब हैं। बता दें कि अब तक सिर्फ क्रिस गेल, रोहित और एबी डिविलियर्स ने 250 से अधिक छक्के लगाए हुए हैं।

Advertisement