Page Loader
एशिया कप: रोहित शर्मा की कप्तानी में 1 खिताब जीत चुकी है भारतीय टीम, जानिए प्रदर्शन 
2018 में रोहित के नेतृत्व में भारत ने जीता था खिताब (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

एशिया कप: रोहित शर्मा की कप्तानी में 1 खिताब जीत चुकी है भारतीय टीम, जानिए प्रदर्शन 

Aug 11, 2023
08:26 pm

क्या है खबर?

एशिया कप 2023 इस बार वनडे प्रारूप में 30 अगस्त से खेला जाना है। खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम इस संस्करण में अपने अभियान की शुरुआत 2 सितंबर को करेगी। हालांकि, अब तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम की घोषणा नहीं की है। रोहित शर्मा के नेतृत्व में भारतीय टीम अब तक 2 संस्करण में हिस्सा ले चुकी है। आइए रोहित की कप्तानी में एशिया कप में भारतीय टीम के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

2018 

2018 में रोहित के नेतृत्व में भारत ने जीता था खिताब 

रोहित के नेतृत्व में 2018 में भारतीय टीम ने एशिया कप का खिताब जीता। फाइनल मैच में भारत ने बांग्लादेश को 3 विकेट से हराया था। वनडे प्रारूप में खेले गए उस संस्करण में भारत ने अपने 5 मैचों में जीत दर्ज की थी और अफगानिस्तान के खिलाफ खेला गया एक मैच टाई पर समाप्त हुआ था। उस संस्करण में भारत ने पाकिस्तान को 2 बार हराया था।

बल्लेबाज 

धवन बने थे 'प्लेयर ऑफ द सीरीज', खूब चला था रोहित का बल्ला 

शिखर धवन ने 5 मैचों में 68.40 की औसत और 102.09 की स्ट्राइक रेट से 342 रन बनाए थे। वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था। रोहित अपने साथी खिलाड़ी धवन के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 105.67 की औसत और 93.51 की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए थे। धवन ने 2 और रोहित ने 1 शतक लगाया था।

गेंदबाजी 

कुलदीप ने लिए थे 10 विकेट 

2018 में UAE ने एशिया कप की मेजबानी की थी और कुलदीप यादव भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। चाइनामैन गेंदबाज ने 6 मैचों में 23.70 की औसत के साथ 10 विकेट लिए थे। वह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। उनके अलावा अफगानिस्तान के राशिद खान और बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान ने 10-10 विकेट लिए थे। जसप्रीत बुमराह ने 4 मैचों में 8 विकेट चटकाए थे।

2022 

रोहित की कप्तानी में 2022 में भारत ने किया था निराश 

2022 का एशिया कप टी-20 प्रारूप में खेला गया था, जिसमें रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम फाइनल में भी नहीं पहुंच सकी थी। उस संस्करण में सुपर-4 चरण में भारत को पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ शिकस्त मिली थी और टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया था। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 23 रन से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।

आंकड़े 

इन खिलाड़ियों ने किया था अच्छा प्रदर्शन 

पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने 56.20 की औसत और 117.57 की स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 281 रन बनाए थे। उनके बाद विराट कोहली ने 276 रन बनाए थे। भारतीय कप्तान ने 33.25 की औसत से 133 रन बनाए थे। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज रहे थे। उन्होंने 5 मैचों में 10.45 की औसत से 10 विकेट लिए थे। उनके बाद वानिंदु हसरंगा ने 9 विकेट चटकाए थे।