ICC ने वनडे विश्व कप 2023 नया कार्यक्रम किया जारी, भारत-पाकिस्तान मैच 14 अक्टूबर को होगा
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को आगामी वनडे विश्व कप 2023 के शेड्यूल में बदलाव की घोषणा की। 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले बहुप्रतीक्षित भारत बनाम पाकिस्तान मैच को स्थानांतरित कर दिया गया है। यह मैच अब एक दिन पहले यानि 14 अक्टूबर को उसी मैदान पर खेला जाएगा। इसके अलावा 8 अन्य मैचों की तारीख भी बदली गई है। आइए इस बारे में और अधिक जानते हैं।
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका का मैच एक दिन पीछे खिसका
14 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान मैच खेले जाने के चलते इस दिन खेले जाने वाला अफगानिस्तान और इंग्लैंड का मैच अब 15 अक्टूबर को खेला जाएगा। हैदराबाद में श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान का मुकाबला 12 अक्टूबर की बजाय अब 10 अक्टूबर को खेला जाएगा। साथ ही लखनऊ में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम का मैच 11 अक्टूबर की बजाय 12 अक्टूबर को खेला जाना तय किया गया है।
भारत का अंतिम लीग मैच बदला
लीग चरण के अंत में 12 नवंबर के डबल-हेडर मुकाबलों को एक दिन पहले 11 नवंबर को स्थानांतरित कर दिया गया है। ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान (सुबह 10:30 बजे) और कोलकाता में इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान (दोपहर 02:00 बजे) 11 नवंबर को खेले जाएंगे। इस बीच, नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ भारतीय क्रिकेट टीम का आखिरी लीग मैच अब 11 की बजाय 12 नवंबर तक स्थानांतरित कर दिया गया है, जो कि बेंगलुरु में दिन-रात का मुकाबला होगा।
इस प्रारूप में खेला जाएगा विश्व कप
वनडे विश्व कप राउंड रॉबिन प्रारूप में खेला जाएगा। लीग चरण के दौरान सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ 1-1 मैच खेलेगी। यानी एक टीम कुल 9 मैच खेलेगी। इसके बाद इस चरण की शीर्ष 4 टीमें नॉक-आउट दौर के लिए क्वालीफाई करेगी। उनके बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। सेमीफाइनल मुकाबलों को जीतने वाली 2 टीमों फाइनल के दौरान आपस में भिड़ेंगी। सेमीफाइनल और फाइनल के लिए 1-1 दिन रिजर्व रखा गया है।
विश्व कप में भारत के मैचों का विवरण
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - 8 अक्टूबर, चेन्नई भारत बनाम अफगानिस्तान - 11 अक्टूबर, दिल्ली भारत बनाम पाकिस्तान - 14 अक्टूबर, अहमदाबाद भारत बनाम बांग्लादेश - 19 अक्टूबर, पुणे भारत बनाम न्यूजीलैंड - 22 अक्टूबर, धर्मशाला भारत बनाम इंग्लैंड - 29 अक्टूबर, लखनऊ भारत बनाम श्रीलंका - 2 नवंबर, मुंबई भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका - 5 नवंबर, कोलकाता भारत बनाम नीदरलैंड - 12 नवंबर, बैंगलोर
विश्व कप से जुड़ी खास जानकारी
वनडे विश्व कप 2023 की शुरुआत 5 अक्टूबर से होगी और इसका फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें मेजबान भारत समेत इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, नीदरलैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें शामिल हैं। विश्व कप के सभी मुकाबले 10 जगहों पर खेले जाएंगे। इन स्थानों में अहमदाबाद, हैदराबाद, धर्मशाला, दिल्ली, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, बेंगलुरु, मुंबई और कोलकाता शामिल हैं।