Page Loader
एशियाई खेल 2023: रविवार को भारत ने जीते 5 पदक, जानिए कैसा रहा खिलाड़ियों का प्रदर्शन 
अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह ने लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स में जीता रजत (तस्वीर: एक्स/@WeAreTeamIndia)

एशियाई खेल 2023: रविवार को भारत ने जीते 5 पदक, जानिए कैसा रहा खिलाड़ियों का प्रदर्शन 

Sep 24, 2023
08:41 pm

क्या है खबर?

एशियाई खेल के 19वें संस्करण में भारत के खाते में रविवार (24 सितंबर) को कुल 5 पदक आए, जिसमें 3 रजत और 2 कांस्य शामिल रहे। भारत को निशानेबाजी और रोइंग में पदक मिले। इसके अलावा भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में पहुंचकर पदक सुनिश्चित किया। दूसरी तरफ कुछ खेलों में भारत को निराशा भी हाथ लगी। आइए आज हुए खेलों में भारत के प्रमुख परिणामों पर एक नजर डालते हैं।

निशानेबाजी

10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारतीय महिलाओं ने जीता रजत पदक 

निशानेबाजी में महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में 1886 अंकों के साथ भारत ने रजत पदक अपने नाम किया। मेहुली घोष, आशी चौकसे और रमिता की तिकड़ी ने भारत को ये पदक दिलाया। रमिता ने 631.9, मेहुली ने 630.8 और आशी ने 623.3 अंक हासिल किए। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक मेजबान चीन की झोली में गया।

रमिता 

रमिता ने व्यक्तिगत स्पर्धा में जीता कांस्य पदक 

टीम स्पर्धा में रजत जीतने के बाद रमिता ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। रमिता 230.1 के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। चीन की हान जियायू ने 251.3 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि उनकी हमवतन हुआंग युटिंग ने 252.7 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जो खेलों का एक नया रिकॉर्ड है। फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली दूसरी भारतीय मेहुली घोष चौथे स्थान पर रहीं।

रोइंग 

रोइंग में भारत ने जीते 3 पदक 

भारत की ओर से अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह ने लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स (रोइंग) स्पर्धा में रजत पदक जीता। रोइंग में बाबू लाल यादव और लेख राम की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता। इस भारतीय जोड़ी ने 6:50:41 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। रोइंग में ही आज पुरुषों की 8 सदस्यीय टीम ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। यह टीम चीन के बाद दूसरे स्थान पर रही।

महिला टीम 

फाइनल में पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम 

स्मृति मंधाना की कप्तानी में खेलते हुए भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश क्रिकेट टीम को 8 विकेट से हराते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया। पूजा वस्त्रकार ने 4 विकेट लेते हुए बांग्लादेशी टीम को महज 51 रन पर समेट दिया। जवाब में भारत ने आसानी से लक्ष्य हासिल किया। अब स्वर्ण पदक के लिए मुकाबले में भारत का सामना श्रीलंका से होना है। यह खिताबी मैच रविवार (25 सितंबर) को होगा।

हॉकी 

पुरुष हॉकी टीम ने उजबेकिस्तान को 16-0 से हराया 

एशियाई खेल 2023 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने उज्बेकिस्तान हॉकी टीम को 16-0 से हराते हुए जोरदार शुरुआत की है। भारतीय टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विरोधियों को छकाया और नियमित अंतराल में गोल दागते हुए दबाव बनाया। भारत से ललित कुमार उपाध्याय ने 4 गोल करते हुए जीत में योगदान दिया। भारत का अगला ग्रुप मैच मंगलवार को सिंगापुर के खिलाफ होना है।

टेबल टेनिस

भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम का सफर हुआ समाप्त 

भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम का मौजूदा एशिया कप में सफर थम गया। थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में भारत को 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने थाईलैंड के खिलाफी धीमी शुरुआत की जिससे टीम अंत तक नहीं उबर पाई और दबाव में रही। भारत की स्टार खिलाड़ी मनिका बत्रा ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और वह अपने दोनों मैच हार गईं, जबकि अयहिका मुखर्जी और सुतीर्था मुखर्जी ने 1-1 जीत हासिल की।

टेनिस

भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम भी क्वार्टर फाइनल में हारी 

भारतीय पुरुष टेबल टेनिस की टीम का सफर भी समाप्त हो गया। क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया ने भारत को 3-0 से हरा दिया। इस मैच में भारत के हरमीत देसाई, अचंता शरत कमल और जी साथियान को हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले भारत ने कजाखस्तान के खिलाफ 3-2 से जीत दर्ज की थी।

वॉलीबाल 

भारतीय पुरुष वॉलीबाल टीम क्वार्टर फाइनल में हारी 

मौजूदा एशियाई खेलों में कमाल का प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष वॉलीबाल टीम पदक की दौड़ से बाहर हो गई। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत को जापान के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी। जापान ने सीधे सेटों में भारत के खिलाफ 25-16, 25-18, 25-17 से जीत दर्ज की। इस मुकाबले से पहले भारत ने दक्षिण कोरिया और चीनी ताइपे जैसे बड़ी टीमों को हराकर प्रभावित किया था।

पुरुष

भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में किया प्रवेश 

भारतीय पुरुष टीम का म्यांमार के खिलाफ मैच 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ। इस परिणाम के बावजूद भारतीय टीम ने अगले दौर में प्रवेश किया। भारत की ओर से सुनील छेत्री ने इकलौत गोल किया। इससे पहले ग्रुप-A के अपने पहले मैच में भारत को मेजबान चीन के खिलाफ 1-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। अपने दूसरे मैच में भारत ने बांग्लादेश को 1-0 से हराया था। उस मैच में भी छेत्री ने गोल दागा था।

मुक्केबाजी

निखत जरीन ने की दमदार शुरुआत 

विश्व चैंपियन निखत जरीन ने एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत 50 किग्रा वर्ग में जीत के साथ की। उन्होंने वियतनाम की नग्युएन थी टैम को 5-0 से हरा दिया। निखत को सर्वसम्मत निर्णय से विजेता घोषित किया गया और वह प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं जहां उनका सामना दक्षिण कोरिया की चोरोंग बाक से होगा। युवा मुक्केबाज प्रीति पवार भी रविवार को 54 किग्रा वर्ग में अगले दौर में पहुंच गईं।

तैराकी

छठे स्थान पर रहे भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज 

भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में 54.48 सेकंड का समय निकाला और छठे स्थान पर रहे। चीन के जियायु ने 52.23 सेकंड का समय लेकर एशियाई खेलों का रिकॉर्ड तोड़ा। पिछला खेलों का रिकॉर्ड 52.34 था, जो 2014 में जापान के इरी रयोसुके ने बनाया था। महिलाओं की 4 x 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले फाइनल में धीनिधि, माना, जान्हवी और शिवांगी की टीम 3:54.66 सेकंड का समय लेकर 7वें स्थान पर रहीं।

शतरंज

शतरंज में कैसा रहा भारतीय ग्रैंडमास्टर का प्रदर्शन?

दूसरे दौर में भारतीय ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती को कजाकिस्तान के काजीबेक नोगेर्बेक के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी। इसी दौर में अर्जुन एरिगैसी ने वियतनाम के तुआन मिन्ह ले (0.5-0.5) से ड्रा खेला। महिलाओं के दूसरे दौर में कोनेरू हम्पी ने वियतनाम की फाम थाओ गुयेन के खिलाफ जीत हासिल की। एक अन्य मुकाबले में हरिका द्रोणावल्ली ने सिंगापूर की ग्रैंडमास्टर कियानयुन गोंग के खिलाफ जीत हासिल की।

जानकारी

पदक तालिका में फिलहाल 7वें स्थान पर है भारत 

एशियाई खेल 2023 में भारत फिलहाल पदक तालिका में 7वें स्थान पर है। मेजबान चीन इस तालिका में शीर्ष पर है, जो कुल 30 पदक जीत चुका है, जिसमें 20 स्वर्ण शामिल हैं। चीन के बाद रिपब्लिक ऑफ कोरिया और जापान है।