Page Loader
IPL ट्रेड से जुड़ी सभी अहम जानकारी और इसके नियमों के बारे में जानिए 
IPL 2024 के लिए नीलामी 19 दिसंबर को दुबई में होगी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL ट्रेड से जुड़ी सभी अहम जानकारी और इसके नियमों के बारे में जानिए 

Nov 23, 2023
04:00 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की लोकप्रियता दिनों-दिन नई ऊंचाईयों पर पहुंच रही है। दुनिया की सबसे सफल क्रिकेट लीग से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) वित्तीय रूप से बेहद मजबूत हुआ है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने से वंचित रहने वाले खिलाड़ियों को भी लाइम लाइट में आने का उचित अवसर मिला है। इन दिनों हम बार-बार 'IPL ट्रेड' का जिक्र सुन रहे हैं तो आइए इस निमय और अन्य जरूरी बातों को विस्तार से जानते हैं।

IPL ट्रेड

क्या होता है IPL ट्रेड? 

IPL 2024 के लिए अहम नीलामी 19 दिसंबर को दुबई में होनी प्रस्तावित है। नीलामी से पहले सभी फ्रेंचाइजी अपनी-अपनी जरूरतों के हिसाब से अपनी टीमों में कुछ बदलाव करते हैं। IPL ट्रेड के जरिए फ्रेंचाइजियों को यह सुविधा मिलती है कि वह इसके तहत खिलाड़ियों को आपस में बदलने (ट्रेड स्वाइप) या पूर्ण नकद सौदे के तहत खरीद सकते हैं। टीमों की इस पुनर्निर्माण की प्रक्रिया को IPL ट्रेड द्वारा सुगम बनाया गया है।

 नियम-1

IPL ट्रेड के नियम क्या हैं? 

यहां यह जानना आवश्यक है कि इस प्रकार के ट्रेड से टीम के पैसों पर भी असर पड़ता है क्योंकि खिलाड़ियों को खरीदने और फिर बाद में बेचने की कीमत अलग-अलग हो सकती है। उक्त खिलाड़ी के व्यापार या स्थानांतरण से पहले खिलाड़ी की सहमति अनिवार्य है। फ्रेंचाइजियों को 'आइकन' खिलाड़ियों का व्यापार करने की अनुमति नहीं है। ट्रेड संबंधी अंतिम मंजूरी IPL गवर्निंग काउंसिल से लेनी होती है। इसी पर नियमों की पालना करवाने की जिम्मेदारी भी होती है।

नियम-2

ये नियम भी आपके लिए जानना बेहद जरूरी 

यदि कई फ्रेंचाइजी एक विशेष खिलाड़ी को साइन करना चाहती हैं, तो खिलाड़ी को बेचने वाली फ्रेंचाइजी उस टीम को चुनने का अधिकार सुरक्षित रखती है जिसमें उसका खिलाड़ी जाता है। फ्रेंचाइजी के पास खिलाड़ियों को हासिल करने के लिए के दो तरीके होते हैं। पहला फ्रेंचाइजी या तो खिलाड़ियों को एक-दूसरे के बीच बदल सकती हैं। दूसरा तरीका यह है कि फ्रेंचाइजी खिलाड़ी को पूर्ण नकद सौदे के तहत भी खरीद सकती हैं।

ट्रेड खिलाड़ी और समय सीमा

IPL 2024 के लिए अब तक ट्रेड किए गए खिलाड़ियों की पूरी सूची और समय सीमा 

रोमारियो शेफर्ड (50 लाख रुपये): लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से मुंबई इंडियंस (MI) में ट्रेड किया गया। देवदत्त पडिक्कल (7.5 करोड़ रुपये): राजस्थान रॉयल्स (RR) से LSG में ट्रेड किया गया। आवेश खान (10 करोड़ रुपये): LSG से RR में ट्रेड किया गया। IPL ट्रेड समय सीमा: टीमों को 26 नवंबर तक अपनी रिटेंशन सूची डालनी होगी। वह खिलाड़ियों के ट्रेड का अंतिम दिन भी होगा। रिटेंशन सूची और ट्रेड सूची फ्रेंचाइजी में टीमों के अंतिम पर्स का फैसला करेगी।