LOADING...
ओवर-रेट जुर्माने के नियमों पर छिड़ी बहस, BCCI का ICC से किसी भी चर्चा से इनकार 
WTC फाइनल के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया पर धीमी ओवर गति के कारण 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

ओवर-रेट जुर्माने के नियमों पर छिड़ी बहस, BCCI का ICC से किसी भी चर्चा से इनकार 

Jul 19, 2023
09:10 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही एशेज सीरीज 2023 के बीच में धीमी ओवर गति के प्रतिबंधों को बदलने के निर्णय ने कई सवालों को जन्म दे दिया है। साथ ही इस बदलाव के समय को लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की मंशा पर भी अंगुली उठ रही है। कुछ लोगों का कहना है कि नए नियम इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया को फायदा पहुंचाने के लिए एशेज में लागू किए गए हैं। आइए इस बारे में और अधिक जानते हैं।

रिपोर्ट

BCCI ने खारिज किया ICC का बयान 

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने हाल ही में संपन्न विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के दौरान धीमी ओवर गति के प्रतिबंधों के लिए भारत के मुख्य कोच के साथ बातचीत करने के ICC के बयान को खारिज कर दिया है। ICC ने WTC फाइनल में धीमी ओवर गति के लिए भारत-ऑस्ट्रेलिया पर मैच फीस का 100% जुर्माना लगाया था। मौजूदा एशेज सीरीज के बीच में नियम बदलने पर कई लोगों ने ICC के फैसले पर सवाल उठाया है।

रिपोर्ट

नए नियम के तहत अधिकतम जुर्माना 50 प्रतिशत, पहले था 100 प्रतिशत 

धीमी ओवर गति के लिए अब खिलाड़ियों पर प्रत्येक ओवर कम पड़ने पर उनकी मैच फीस का 5% जुर्माना लगाया जाएगा। खास बात यह है कि नए नियम के मुताबिक, अब अधिकतम जुर्माना 50% तक हो सकता है, जबकि इससे पहले खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का 100% जुर्माना भी लगाया जाता था। ऐसा ही WTC फाइनल के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के साथ हुआ था। बाद में इस फैसले की काफी आलोचना भी हुई थी।

रिपोर्ट

ICC और BCCI के बयानों में विरोधाभास 

इसके अलावा अब अगर कोई टीम 80 ओवर के आंकड़े तक पहुंचने से पहले आउट हो जाती है और उसने नई गेंद भी नहीं ली है तो किसी भी संभावित देरी के बावजूद कोई ओवर-रेट जुर्माना लागू नहीं किया जाएगा। पहले यह नियम 60 ओवर का होता था। न्यूज18 ने धीमी ओवर गति के नियमों में बदलाव के बारे में ICC से सवाल किया था। ICC ने इस बारे में जो कुछ कहा वह BCCI के बयान से विपरित है।

रिपोर्ट

ICC ने क्या कहा? 

ICC ने बताया कि उनके महाप्रबंधक वसीम खान ने WTC फाइनल के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया सहित टीमों के मुख्य कोचों के साथ बातचीत की थी। हालांकि, BCCI ने ICC के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए खुलासा किया कि शीर्ष संस्था ने उनके साथ कोई बातचीत नहीं की है। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि ओवर-रेट उनके लिए चिंता का विषय नहीं है क्योंकि वे ज्यादातर 2 स्पिनरों के साथ खेलते हैं।

रिपोर्ट

BCCI अधिकारी ने कही अहम बात

BCCI के एक अधिकारी ने कहा, "भारत अधिकांश टेस्ट में 2 स्पिनर के साथ खेलता है और हमारे कुछ घरेलू टेस्ट में 3 स्पिनर भी खेलते हैं। इसलिए ओवर-रेट हमारे लिए कभी भी बड़ी चिंता का विषय नहीं रही।" उन्होंने आगे कहा, "हाल ही में WTC फाइनल में भारत पर जुर्माना लगाया गया था। यह शायद इसलिए हो पाया क्योंकि यह उन चुनिंदा अवसरों में से एक था जहां भारत सिर्फ एक स्पिनर के साथ खेला था।"