Page Loader
कोरोना वायरस: अनिश्चित समय के लिए स्थगित होगा IPL 2020

कोरोना वायरस: अनिश्चित समय के लिए स्थगित होगा IPL 2020

लेखन Neeraj Pandey
Apr 12, 2020
01:51 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए भारत 21 दिनों के लॉकडाउन में जिसकी समाप्ति 14 अप्रैल को होनी है। हालांकि, ज़्यादातर राज्यों ने लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक जारी रखने का सुझाव दिया है और इसको देखते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) अनिश्चित समय के लिए स्थगित हो सकता है। इससे पहले भी IPL को 29 मार्च से 15 अप्रैल तक आगे बढ़ा दिया गया था।

विकल्प

BCCI के पास नहीं है दूसरा विकल्प

BCCI को भारत सरकार के ऑफिशियल फैसले का इंतजार था, लेकिन ज़्यादातर राज्यों के मुख्यमंत्री लॉकडाउन को 30 अप्रैल कर जारी रखने के पक्ष में हैं। ऐसे में BCCI के पास IPL को स्थगित करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा है। भारत में अब तक कोरोना वायरस के मामले 8,500 से ज़्यादा हो चुके हैं और इससे महाराष्ट्र सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य है।

बयान

रद्द नहीं कर सकते IPL- BCCI ऑफिशियल

BCCI के एक ऑफिशियल के मुताबिक वे किसी भी हाल में IPL को रद्द नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "हम IPL को रद्द नहीं कर सकते हैं क्योंकि ऐसा करने पर हमें 3,000 करोड़ रूपये का नुकसान होगा। BCCI सभी शेयरधारकों से बात करके कोई विकल्प निकालेगी, लेकिन उसके लिए चीजों का सही होना जरूरी है। अभी हमारे लिए यह कह पाना संभव नहीं है कि IPL का आयोजन कब होगा।"

बयान

अनिश्चित समय के लिए स्थगित होगा IPL- BCCI ऑफिशियल

BCCI ऑफिशियल ने PTI से कहा, "पंजाब, महाराष्ट्र और कर्नाटक पहले ही लॉकडाउन को बढ़ाने की घोषणा कर चुके हैं। इससे पता चलता है कि फिलहाल IPL नहीं हो सकता है। इसे रद्द नहीं किया जाएगा, बल्कि अनिश्चित समय के लिए स्थगित किया जाएगा।"

BCCI

BCCI के पास हैं ये विकल्प

आग क्या होगा इसका फैसला इस बात पर निर्भर होगा कि आने वाले समय में कोरोना वायरस का प्रभाव कैसा होगा। BCCI के पास टी-20 विश्व कप से पहले सितंबर और अक्टूबर में IPL का आयोजन कराने का मौका होगा। एक अन्य विकल्प यह होगा कि यदि टी-20 विश्व कप स्थगित होता है तो उस समय IPL का आयोजन हो सकता है। फिलहाल तो लोगों को बस इंतजार करना होगा।