Page Loader
जानिए IPL के कुछ बेहतरीन और अनसुने फैक्ट्स

जानिए IPL के कुछ बेहतरीन और अनसुने फैक्ट्स

लेखन Neeraj Pandey
Apr 15, 2020
04:06 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें संस्करण के आयोजन पर कोरोना वायरस के कारण संकट के बादल मंडरा रहे हैं। पहले 15 अप्रैल तक बढ़ाए जाने के बाद अब लॉकडाउन बढ़ने से साथ ही IPL को भी अनिश्चित समय के लिए स्थगित किया गया है। हालांकि, सालों से इस लीग ने हमें तमाम यादगार फैक्ट दिए हैं जिन्हें हम भूल नहीं पाएंगे। यादगार फैक्ट्स के अलावा कुछ फैक्ट्स ऐसे हैं जिन्हें बेहद कम लोग ही जानते हैं। आइए जानें।

तेंदुलकर और कोहली

तेंदुलकर और कोहली MVP जीतने वाले केवल दो भारतीय खिलाड़ी

IPL के 12 साल के इतिहास में अब तक केवल दो ही भारतीय खिलाड़ी मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर अवार्ड (MVP) को जीत सके हैं। मुंबई इंडियंस के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर 2010 में इस कैटेगिरी के अवार्ड को जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने उस सीजन 618 रन बनाए थे। IPL के आठवें सीजन में विराट कोहली ऐसे करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने थे। उन्होंने उस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए 973 रन बनाए थे।

200+ की साझेदारी

तीन 200+ साझेदारियों का हिस्सा बन चुके हैं कोहली

कोहली IPL में तीन बार 200 से ज़्यादा रनों की साझेदारी का हिस्सा रह चुके हैं। आपको बता दें कि वह इन साझेदारियों का हिस्सा बनने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। कोहली ने गुजरात लायंस के खिलाफ एबी डिविलियर्स के साथ 229 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की थी। इसी जोड़ी ने 2015 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 215 रन भी जोड़े थे। कोहली और क्रिस गेल ने 2012 में पुणे वारियर्स इंडिया के खिलाफ 204 रन जोड़े थे।

RCB और हरभजन

RCB और हरभजन के नाम हैं ये अनचाहे रिकॉर्ड्स

RCB के नाम सबसे ज़्यादा छह बार 100 से कम के स्कोर पर सिमटने का रिकॉर्ड है। इसके अलावा इसी टीम के नाम लीग में सबसे ज़्यादा और सबसे कम स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उनका उच्चतम स्कोर 263/5 तो वहीं न्यूनतम 49 का है। हरभजन सिंह और पार्थिव पटेल के नाम संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा 13 बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड है। भज्जी ने यह अनचाहा रिकॉर्ड 88 पारियों में अपने नाम किया है।

जानकारी

संगाकारा और डिविलियर्स के नाम हैं ये रिकॉर्ड्स

कुमार संगाकारा IPL की एक पारी में सबसे ज़्यादा पांच शिकार करने वाले विकेटकीपर हैं। 2016 IPL में डिविलियर्स ने 19 कैच लपके थे और एक संस्करण में यह किसी खिलाड़ी द्वारा लिए गए सबसे ज़्यादा कैच हैं।