
व्हाट्सऐप पर खुद को नोट्स और फाइल्स भेज सकते हैं आप, ऐसे इस्तेमाल करें सेल्फ-चैट फीचर
क्या है खबर?
मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है और इसका इस्तेमाल सिर्फ चैटिंग तक सीमित नहीं है।
एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म्स पर यह सबसे लोकप्रिय ऐप्स में शामिल है और यूजर्स रोजाना दर्जनों बार यह ऐप ओपेन करते हैं।
खास बात यह है कि व्हाट्सऐप का इस्तेमाल क्विक-नोट्स लेने के लिए भी कर सकते हैं।
ज्यादातर यूजर्स को नहीं पता कि उन्हें सेल्फ-चैट का विकल्प कैसे मिलेगा। आइए जानते हैं कि इसका तरीका क्या है।
फीचर
अपने ही नंबर पर भेज सकते हैं व्हाट्सऐप मेसेज
अगर आप क्विक-नोट्स लेना चाहते हैं या याद रखने के लिए कोई लिंक सेव करना चाहते हैं, तो व्हाट्सऐप की मदद ले सकते हैं।
ज्यादातर स्मार्टफोन्स में प्री-इंस्टॉल्ड नोट्स ऐप मिलती है, लेकिन उनका सर्च मैकेनिज्म व्हाट्सऐप जितना आसान नहीं होता।
अगर आप व्हाट्सऐप पर नोट्स ले रहे हैं या कोई फाइल सेव कर रहे हैं, तो उसे स्टार मार्क करने या बाद में आसानी से सर्च करने और दूसरों को फॉरवर्ड करने जैसे काम किए जा सकते हैं।
तरीका
व्हाट्सैप ग्रुप बनाने के बाद बाकियों को करें रिमूव
मेटा की ओनरशिप वाली ऐप में सेल्फ-चैट विकल्प इस्तेमाल करने का सबसे आसान तरीका व्हाट्सऐप ग्रुप बनाना और बाकियों को ग्रुप से निकाल देना है।
इस तरह आखिर में आप ग्रुप में अकेले बचेंगे और इस ग्रुप विंडो का इस्तेमाल क्विक-नोट्स लेने के लिए कर पाएंगे।
बता दें, आप व्हाट्सऐप ग्रुप में अपने किसी दोस्त को शामिल करने के बाद उसे ग्रुप से हटा देते हैं, तो ग्रुप पूरी तरह डिलीट नहीं होता।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
टेलीग्राम ऐप में खुद को मेसेज भेजने का विकल्प 'सेव्ड मेसेज' नाम से मिलता है। वहीं, सिग्नल में यूजर्स को 'नोट टू सेल्फ' नाम से यह फीचर दिया जाता है। दोनों ही ऐप्स पिछले साल व्हाट्सऐप के विकल्प के तौर पर लोकप्रिय हुई हैं।
विकल्प
सेल्फ-चैट करने का दूसरा आसान तरीका
अगर आप ग्रुप के बजाय व्हाट्सऐप चैट विंडो में नोट्स लेना चाहते हैं, तो इंटरनेट ब्राउजर में जाना होगा।
इसके बाद आपको एड्रेस बार में वेबसाइट www.wa.me/91XXXXXXXXXXX लिखनी होगी।
लिंक में कंट्री कोड 91 के बाद XXXX.. की जगह आपको अपना व्हाट्सऐप नंबर लिखना होगा और एंटर करना होगा।
आखिर में आपको 'कॉन्टिन्यू टू चैट' या 'कॉन्टिन्यू टू वेब चैट' विकल्प दिखाया जाएगा।
इस विकल्प पर टैप कर आप अपने ही नंबर पर मेसेजेस भेज पाएंगे।
फायदा
मल्टीमीडिया फाइल्स सेव करना भी आसान
सेल्फ-चैट विकल्प के साथ आप टेक्स्ट नोट्स लेने के अलावा वॉइस नोट्स रिकॉर्ड कर सकते हैं।
इसके अलावा वीडियोज और इमेजेस सेव करने का भी यह आसान तरीका है।
अच्छी बात यह है कि मोबाइल में सेव किए गए इन मेसेजेस या फाइल्स को आप व्हाट्सऐप वेब की मदद से दूसरे डिवाइस पर भी ऐक्सेस कर पाएंगे।
एक से दूसरे डिवाइस में फाइल्स या नोट्स शेयर करने का यह आसान तरीका हो सकता है।
शेयरिंग
ऐसे शेयर कर पाएंगे मीडिया फाइल्स
व्हाट्सऐप में खुद को मेसेज भेजने का तरीका सेटअप करने के बाद आपको फाइल ट्रांसफर का आसान विकल्प भी मिल जाएगा।
इसके लिए सबसे पहले आपको कोई मीडिया फाइल खुद को भेजनी होगी।
अब बड़ी स्क्रीन पर व्हाट्सऐप वेब या फिर मल्टी-डिवाइस की मदद से लॉगिन करने के बाद आप दूसरे डिवाइस पर फाइल डाउनलोड कर सकते हैं।
यानी कि PC में अपनी फाइल्स डाउनलोड करने के लिए आपको किसी क्लाउड सर्विस पर नहीं सेव करनी होंगी।