Page Loader
यूजर्स की नाराजगी के बाद व्हाट्सऐप का फैसला, अभी नहीं लागू होगी नई पॉलिसी

यूजर्स की नाराजगी के बाद व्हाट्सऐप का फैसला, अभी नहीं लागू होगी नई पॉलिसी

Jan 16, 2021
11:41 am

क्या है खबर?

व्हाट्सऐप ने बीते दिनों अपनी नई प्राइवेसी पॉलिसी की घोषणा की थी, जिसमें किए गए बदलावों को लेकर यूजर्स नाराज चल रहे हैं। नई पॉलिसी में व्हाट्सऐप ने कहा है कि यूजर्स का डाटा पैरेंट कंपनी फेसबुक के साथ शेयर किया जाएगा। पॉलिसी 8 फरवरी, 2021 से लागू होने वाली थी, लेकिन व्हाट्सऐप ने अपना फैसला बदल दिया है। कंपनी ने कहा है कि 8 फरवरी से नई पॉलिसी लागू नहीं होगी और कंपनी अपने प्लान आगे बढ़ा रही है।

अपडेट

नहीं डिलीट होंगे यूजर्स के अकाउंट्स

पहले कहा गया था कि 8 फरवरी, 2021 तक नई पॉलिसी स्वीकार ना करने वाले यूजर्स के अकाउंट्स डिलीट या सस्पेंड कर दिए जाएंगे। अब कंपनी ने ट्वीट कर बताया है कि किसी के अकाउंट डिलीट या सस्पेंड नहीं होंगे। व्हाट्सऐप ने लिखा, '8 फरवरी को किसी के अकाउंट डिलीट या सस्पेंड नहीं होंगे और हम अपने बिजनेस प्लान्स मई तक के लिए आगे बढ़ा रहे हैं।' व्हाट्ऐप यूजर्स को नए विकल्प देने पर काम कर सकता है।

नाराजगी

व्हाट्सऐप छोड़ रहे थे यूजर्स

व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी सामने आने के बाद यूजर्स नाराजगी जाहिर कर रहे थे क्योंकि इसमें फेसबुक के साथ डाटा शेयरिंग की बात कही गई है। 2016 में आई पिछले प्राइवेसी पॉलिसी के साथ व्हाट्सऐप यूजर्स का डाटा अब भी शेयर करता है लेकिन इसमें फेसबुक और इससे जुड़ी सेवाओं के साथ डाटा शेयरिंग शामिल नहीं है। व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी स्वीकार करना यूजर्स के लिए अनिवार्य कर दिया गया था।

विकल्प

टेलीग्राम और सिग्नल ऐप्स को फायदा

व्हाट्सऐप की नई पॉलिसी आने के बाद ढेरों यूजर्स इसे छोड़कर दूसरी मेसेजिंग सेवाओं का इस्तेमाल शुरू कर रहे थे। फायदा टेलीग्राम और सिग्नल जैसे ऐप्स को मिला और जनवरी में टेलीग्राम के 50 करोड़ मंथली ऐक्टिव यूजर्स हो गए। टेलीग्राम ने बताया कि केवल 72 घंटे में 2.4 करोड़ से ज्यादा नए यूजर्स इससे जुड़े। ढेरों यूजर्स आने के बाद चैटिंग ऐप सिग्नल की सेवाओं में दिक्कत आने लगी और कंपनी इसे ठीक करने पर काम कर रही है।

ब्लॉग

यूजर्स को वक्त देना चाहता है व्हाट्सऐप

व्हाट्सऐप ने ब्लॉग में लिखा है कि यूजर्स को नए बदलावों को समझने के लिए और वक्त दिया जा रहा है। कंपनी ने लिखा, 'नए अपडेट को लेकर भ्रम की स्थिति है। ढेरों अफवाहों की वजह से यूजर्स चिंतित हो रहे हैं और हम नए बदलाव समझने में सभी की मदद करना चाहते हैं।' व्हाट्सऐप ने इस बात पर जोर दिया कि यूजर्स के मेसेज एंड-टू-एंड एनक्रिप्टेड हैं और व्हाट्सऐप या फेसबुक कोई चैट्स नहीं पढ़ सकते।

फैसला

यूजर्स को मिला 15 मई तक का वक्त

व्हाट्सऐप ने लिखा, 'हम नई पॉलिसी स्वीकार करने की आखिरी डेट आगे बढ़ा रहे हैं। 8 फरवरी को किसी का अकाउंट डिलीट या सस्पेंड नहीं होगा।' कंपनी ने कहा कि नई पॉलिसी से जुड़ी अफवाहों और झूठ को हटाते हुए यूजर्स को व्हाट्सऐप पर प्राइवेसी और सुरक्षा के बारे में बताया जाएगा। 15 मई को नए बिजनेस ऑप्शंस उपलब्ध होने से पहले यूजर्स को पॉलिसी समझने और रिव्यू करने का पूरा वक्त दिया जाएगा।