Page Loader
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: महायुति में नया चलन, गठबंधन के भीतर ही पार्टी बदल रहे नेता
महायुति के नेता गठबंधन के भीतर ही पार्टी बदल रहे हैं

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: महायुति में नया चलन, गठबंधन के भीतर ही पार्टी बदल रहे नेता

लेखन आबिद खान
Oct 27, 2024
01:53 pm

क्या है खबर?

चुनावों से पहले आमतौर पर दलबदल का चलन देखने को मिलता रहा है। टिकट कटने या नहीं मिलने से नाराज नेता पार्टियां बदल लेते हैं। हालांकि, महाराष्ट्र में भी विधानसभा चुनावों से पहले एक नया चलन देखने को मिल रहा है। यहां सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति में शामिल भाजपा के नेता गठबंधन की दूसरी पार्टियों में शामिल हो रहे हैं। कम से कम 5 भाजपा नेताओं ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) अजित या शिंदे गुट की शिवसेना का दामन थामा है।

भाजपा

एक भाजपा नेता ने थामा शिंदे सेना का दामन

पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे नीलेश राणे इसी हफ्ते शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल हो गए। उन्हें कुडल-सावंतवाड़ी सीट से टिकट मिला है, जो गठबंधन में शिवसेना के खाते में आई है। उनका मुकाबला उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (UBT) के मौजूदा विधायक वैभव नाइक से होगा। इसी तरह चुनावों से ठीक पहले 4 अन्य भाजपा नेता NCP अजित गुट में शामिल हो गए हैं।

NCP

NCP में गए भाजपा नेताओं को तुरंत मिला टिकट

25 अक्टूबर को पूर्व भाजपा सांसद संजयकाका पाटिल और सांगली के जिला अध्यक्ष निशिकांत भोसले पाटिल अजित पवार की मौजूदगी में NCP में शामिल हो गए। इसके तुरंत बाद दोनों नेताओं को टिकट भी मिल गया। संजयकाका को NCP ने तासगांव, जबकि निशिकांत को इस्लामपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया। संजयकाका शरद पवार की NCP के रोहित पाटिल के खिलाफ मैदान में होंगे। निशिकांत का मुकाबला भी NCP शरद के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल से होगा।

दावेदारी 

ये नेता भी NCP से करेंगे दावेदारी

25 अक्टूबर को ही नांदेड़ के भाजपा नेता प्रतापराव पाटिल चिखलिकर भी NCP अजित में शामिल हो गए। उन्हें लोहा विधानसभा सीट से टिकट भी मिल गया है। 23 अक्टूबर को राज्य के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता राज बडोले ने भी NCP अजित का दामन थाम लिया। वे अर्जुनी-मोरगांव विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार बनाए गए हैं। यहां से वे 2 बार विधायक रह चुके हैं, लेकिन पिछला चुनाव हार गए थे।

वजह

क्यों पार्टी बदल रहे हैं नेता?

राजनीतिक जानकारी इस चलन को गठबंधन के भीतर एक आंतरिक व्यवस्था के रूप में देख रहे हैं। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गठबंधन में शामिल हर पार्टी को उसके कोटे की सीटें भी मिल जाए और सबसे मजबूत उम्मीदवार भी मैदान में उतर जाए। बता दें कि महायुति गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर वैसे ही खींचतान चल रही है। बताया जा रहा है कि अभी भी 10-12 सीटें ऐसी हैं, जहां सहमति नहीं बन सकी है।

मतदान

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मतदान 

महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा। नतीजों की घोषणा झारखंड के साथ 23 नवंबर को की जाएगी। महाराष्ट्र में फिलहाल महायुति गठबंधन की सरकार है और शिवसेना (शिंदे गुट) के एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री हैं। गठबंधन में शिवसेना के अलावा भाजपा और अजित पवार के नेतृत्व वाली NCP भी शामिल है। राज्य में कुल 9.63 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 4.97 करोड़ पुरुष और 4.66 करोड़ महिलाएं हैं।