LOADING...
कौन थे शिवसेना (UBT) के नेता अभिषेक घोसालकर, जिनकी फेसबुक लाइव के दौरान हुई हत्या?
महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) के नेता अभिषेक की लाइव वीडियो पर हत्या कर दी गई

कौन थे शिवसेना (UBT) के नेता अभिषेक घोसालकर, जिनकी फेसबुक लाइव के दौरान हुई हत्या?

लेखन आबिद खान
Feb 09, 2024
10:48 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (UBT) के नेता अभिषेक घोसालकर की फेसबुक लाइव के दौरान हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त अभिषेक हमलावर के साथ ही बैठकर फेसबुक पर लाइव थे। तभी अभिषेक पर ताबड़तोड़ 3 गोलियां चलाई गईं। हमला करने वाले शख्स का नाम मोरिस भाई बताया जा रहा है, जिसने खुद भी घटना के बाद आत्महत्या कर ली। वारदात का वीडियो वायरल हो रहा है। जानते हैं कि अभिषेक कौन थे।

परिचय

कौन थे अभिषेक?

40 वर्षीय अभिषेक शिवसेना (UBT) से विधायक रह चुके विनोद घोसालकर के बेटे थे। अभिषेक मुंबई नगर निगम के नगरसेवक भी रह चुके थे और मुंबई डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशक भी थे। अभिषेक को आदित्य ठाकरे का करीबी माना जाता है। 2013 में अभिषेक की शादी तेजस्वी दारेकर से हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिषेक को नागरिकों के मुद्दों के लिए लड़ने वाले नेता के तौर पर जाना जाता था।

वजह

क्यों हुई अभिषेक की हत्या?

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अभिषेक और मोरिस के बीच व्यक्तिगत दुश्मनी थी। दोनों ने जनता के सामने अपनी कड़वाहट खत्म करने के लिए फेसबुक लाइव पर साथ आने का फैसला लिया था। पुलिस उपायुक्त (DCP अपराध शाखा) राज तिलक रौशन ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि इन दोनों के बीच किसी तरह की प्रतिद्वंद्विता थी और हत्या उसी का नतीजा हो सकती है।

मोरिस

कौन था मोरिस?

मोरिस को लोग 'मोरिस भाई' नाम से बुलाते थे। सोशल मीडिया प्रोफाइल्स पर मोरिस ने खुद को सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता बता रखा है। 2022 में पुलिस ने एक महिला को कथित तौर पर धमकाने, उसका बलात्कार करने और धोखाधड़ी के आरोपों के बाद मोरिस के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था। इस मामले में मोरिस को गिरफ्तार भी किया गया था। मोरिस ने अभिषेक की हत्या करने के बाद उसी पिस्तौल से खुद को भी गोली मार ली।

राजनीति

घटना के बाद राजनीति गरमाई

घटना पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में गुंडा राज चल रहा है। उद्धव गुट के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा, "महाराष्ट्र में इस समय अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। विधायक हो या सांसद कोई सुरक्षित नजर नहीं आ रहा है। क्या विपक्षी लोगों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है?"

गोलीकांड

2 फरवरी को थाने में भाजपा नेता ने चलाई थी गोली

इससे पहले 2 फरवरी को महाराष्ट्र के ठाणे जिले में उल्लासनगर से भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता महेश गायकवाड़ को थाने के भीतर गोली मार दी थी। दोनों नेताओं के बीच जमीन को लेकर विवाद बताया जा रहा था। इसी मामले में दोनों पक्ष उल्हासनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। इस दौरान भाजपा विधायक ने शिवसेना नेता पर गोलियां चला दीं। घटना का CCTV वीडियो खूब वायरल हुआ था।