Page Loader
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी, शुरुआती रुझानों में कौन आगे?
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है

महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी, शुरुआती रुझानों में कौन आगे?

लेखन आबिद खान
Nov 23, 2024
10:15 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र और झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम आज जारी किए जाएंगे। शुरुआती रुझानों में झारखंड में भाजपा गठबंधन 45 और INDIA गठबंधन 33 सीटों पर आगे चल रहा है। महाराष्ट्र में महायुति 217 और महाविकास अघाड़ी (MVA) 58 सीटों पर आगे है। इन दोनों राज्यों के अलावा 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों और महाराष्ट्र की नांदेड़ और केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना भी जारी है।

बड़े चेहरे

इन चेहरों पर सबकी नजरें

महाराष्ट्र और झारखंड दोनों ही राज्यों में कई बड़े चेहरों की किस्मत दांव पर है। महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे, अजित पवार, आदित्य ठाकरे, मिलिंद देवड़ा, देवेंद्र फडणवीस, जीशान सिद्दीकी, नवाब मलिक, सुरेश पाटिल, नाना पटोले समेत कई दिग्गजों की साख दांव पर है। झारखंड में हेमंत सोरेन, बाबूलाल मरांडी, सुदेश महतो, चंपई सोरेन, स्टीफन मरांडी, रामेश्वर उरांव, रामदास सोरेन, बन्ना गुप्ता, मिथिलेश ठाकुर, दीपक बिरूवा, और पूर्णिमा दास जैसे चेहरे मैदान में थे।

बयान

मतगणना से पहले जीत के अलग-अलग दावे

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा, "भाजपा की ही अधिकांश विधानसभाओं में जीत होगी। इस बात में कोई किंतु-परंतु नहीं है। सरकार भी भाजपा-NDA गठबंधन की ही बनेगी।" वहीं, JMM की महुआ माझी ने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि रांची की जनता हमें जरूर चुनेगी, क्योंकि मैंने उनकी आंखों में मेरे लिए भरोसा देखा है।" शिवसेना (शिंदे) के संजय निरुपम ने कहा, "मेरी तरह ही शिवसेना, भाजपा और अजित की पार्टी के सभी उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे।"

एग्जिट पोल

एग्जिट पोल में क्या अनुमान लगाए गए हैं?

ज्यादातर एग्जिट पोल का अनुमान है कि महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बन सकती है। मैट्रीज, पी-मार्क और पीपुल्स प्लस ने महाराष्ट्र में महायुति सरकार बनने की संभावना जताई है। लोकपाल एग्जिट पोल का अनुमान है कि राज्य में महाविकास अघाड़ी (MVA) की सरकार बन सकती है। झारखंड में भी NDA को जीत मिलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, पोल ऑफ पोल्स में INDIA और NDA में टक्कर देखने को मिल रही है।

मतदान

महाराष्ट्र में एक, झारखंड में 2 चरण में हुआ था मतदान

महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर 20 नवंबर को एक ही चरण में मतदान हुआ था। यहां 65.02 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो 2019 के विधानसभा चुनावों से ज्यादा है। वहीं, झारखंड में पहले चरण का मतदान 13 नवंबर और दूसरे चरण का 20 नवंबर को हुआ था। झारखंड में 68 प्रतिशत मतदान हुआ था। ये भी पिछले चुनावों से ज्यादा है। महाराष्ट्र में बहुमत का आंकड़ा 145 तो झारखंड में 41 है।

उपचुनाव

कहां-कहां हुए थे उपचुनाव?

उत्तर प्रदेश की 9, राजस्थान की 7, पश्चिम बंगाल की 6, असम की 5, बिहार और पंजाब की 4-4, कर्नाटक की 3, केरल, मध्य प्रदेश और सिक्किम की 2-2, गुजरात, मेघालय, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ की 1-1 विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए भी मतगणना जारी है। महाराष्ट्र की नांदेड़ और केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हुए थे। वायनाड से प्रियंका गांधी मैदान में थीं। वे पहली बार चुनावी मैदान में उतरी हैं।

महाराष्ट्र विधानसभा

महाराष्ट्र विधानसभा में किसके पास कितने विधायक?

2019 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 105 और शिवसेना ने 56 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को 44 और NCP को 54 सीटें मिलीं थीं। हालांकि, भाजपा-शिवसेना का गठबंधन टूट गया, जिसके बाद 23 नवंबर, 2019 को फडणवीस मुख्यमंत्री बने, लेकिन 2 दिन बाद ही फडणवीस को इस्तीफा देना पड़ा। 28 नवंबर को शिवसेना, NCP और कांग्रेस की MVA सरकार बनी। उद्धव मुख्यमंत्री बने। इसके बाद पहले शिवसेना और फिर NCP में बगावत हुई। फिलहाल महायुति के एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री हैं।