Page Loader
विधानसभा चुनाव परिणाम 2024: जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में आज आएंगे नतीजे, शुरू हुई मतगणना
जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में शुरू हुई मतगणना

विधानसभा चुनाव परिणाम 2024: जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में आज आएंगे नतीजे, शुरू हुई मतगणना

Oct 08, 2024
08:01 am

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजें आज आएंगे। इसके लिए दोनों जगहों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हो गई है। 90 विधानसभा सीटों वाले जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को 3 चरणों में मतदान सम्पन्न हुआ था, जबकि हरियाणा की 90 सीटों के लिए 5 अक्टूबर को एक चरण में मतदान सम्पन्न हुआ था। चुनाव आयोग ने दोनों जगहों की मतगणना के लिए 8 अक्टूबर का दिन तय किया था।

मतगणना

पोस्टल बैलेट की गिनती से हुई शुरुआत

सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना में सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू की गई। पहले सेना, सुरक्षाबलों के जवानों और अधिकारियों के वोटों की गिनती की जा रही है। इसके बाद चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के वोट गिने जाएंगे। उसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के वोट गिने जाएंगे। फिर EVM का VVPAT से मिलान किया जाएगा और VVPAT की पर्ची गिनी जाएगी। EVM और पोस्टस बैलेट के वोट जोड़कर अंतिम परिणाम जारी किए जाएंगे।

सुरक्षा

मतगणना के लिए लगाई गई है तीन स्तरीय सुरक्षा

मतगणना के लिए हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के तीन स्तरीय उपाय किए गए हैं। पहले स्तर पर CRPF के जवानों को तैनात किया गया है। दूसरे स्तर पर हथियारबंद पुलिस और तीसरे स्तर पर पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। जम्मू-कश्मीर में मतगणना के लिए 10,000 और हरियाणा में 15,000 कर्मचारी और अधिकारियों को तैनात किया गया है। सभी जगह CCTV से नजर रखी जा रही है।

एग्जिट पोल

हरियाणा के एग्जिट पोल में कांग्रेस की वापसी का अनुमान

हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल पहले ही आ चुके हैं। ज्यादातर पोल में जहां अनुमान लगाया गया है कि कांग्रेस एक दशक बाद राज्य की सत्ता में वापसी कर सकती है, वहीं भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से चूक सकती है। कांग्रेस को कुल 90 सीटों में से 50-58 मिलने का अनुमान लगाया गया है, जबकि भाजपा के खाते में 20-28 सीटें आ सकती हैं। हालांकि, इनकी सत्यता कुछ समय बात सामने आ जाएगी।

एग्जिट पोल

जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-NC गठबंधन को बढ़त का अनुमान

हरियाणा के साथ जम्मू-कश्मीर के लिए जारी किए गए एग्जिट पोल्स में भी भाजपा के लिए परेशान करने वाला अनुमान लगाया गया है। वहां 90 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 45 है। सी वोटर सर्वे में यहां नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) और कांग्रेस गठबंधन को 40-48, जबकि भाजपा को 27-37 सीटें मिलने का अनुमान है। इसी तरह भास्कर रिपोर्टर्स पोल में भाजपा को 20-25 और कांग्रेस-NC को 35-40 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।