LOADING...
लोकसभा चुनाव: अंतिम चरण के लिए मतदान जारी, प्रधानमंत्री मोदी समेत ये बड़े उम्मीदवार मैदान में
लोकसभा चुनाव के 7वें और अंतिम चरण के लिए आज मतदान हो रहा है

लोकसभा चुनाव: अंतिम चरण के लिए मतदान जारी, प्रधानमंत्री मोदी समेत ये बड़े उम्मीदवार मैदान में

लेखन आबिद खान
Jun 01, 2024
07:09 am

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव के 7वें और अंतिम चरण के लिए आज मतदान जारी है। 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 57 लोकसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और चंडीगढ़ की सीटें शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अभिनेत्री कंगना रनौत समेत कई दिग्गजों की सीटों पर आज मतदान हो रहा है। आइए 7वें चरण से जुड़ी सभी बातें जानते हैं।

राज्य

किस राज्य की कितनी सीटों पर डाले जा रहे वोट?

आज पंजाब और उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 9, बिहार की 8, ओडिशा की 6, हिमाचल प्रदेश की 4, झारखंड की 3 और चंडीगढ़ की एक सीट पर मतदान हो रहा है। प्रमुख सीटों में उत्तर प्रदेश की वाराणसी और गोरखपुर, पश्चिम बंगाल की बारासात, बशीरहाट और डायमंड हार्बर, बिहार की पटना साहिब और पाटलीपुत्र, हिमाचल प्रदेश की मंडी, झारखंड की दुमका और गोंडा, पंजाब की जालंधर और अमृतसर शामलि हैं।

नेता

कौन-कौनसे बड़े नेता मैदान में?

उत्तर प्रदेश के वाराणसी से प्रधानमंत्री मोदी का मुकाबला कांग्रेस के अजय राय से है। हिमाचल प्रदेश के मंडी से कंगना रनौत के सामने कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह हैं। यहां की हमीरपुर सीट से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी मैदान में हैं। बिहार के पाटलिपुत्र से मीसा भारती और पटना से रविशंकर प्रसाद किस्मत आजमा रहे हैं। पंजाब के जालंधर से चरणजीत सिंह चन्नी और भटिंडा से हरसिमरत कौर बादल मैदान में हैं।

Advertisement

नतीजे

पिछले चुनावों में क्या रहे थे नतीजे?

2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने इन 57 में से 25 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा पर अपना पिछला प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने 9, कांग्रेस ने 8, बीजू जनता दल (BJD) ने 4, जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने 3, बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 2, शिरोमड़ी अकाली दल (SAD) और अपना दल ने 2 जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक-एक सीट जीती थी।

Advertisement

उम्मीदवार

904 उम्मीदवार मैदान में

चुनाव आयोग के मुताबिक, 7वें चरण में होने वाले मतदान के लिए 57 संसदीय क्षेत्रों में कुल 2,105 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से 954 नामांकन वैध पाए गए और 50 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया। इस तरह अब कुल 904 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल उम्मीदवारों में से 328 पंजाब से, 144 उत्तर प्रदेश से, 134 बिहार से, 66 ओडिशा से, 52 झारखंड से, 37 हिमाचल प्रदेश से और 4 चंडीगढ़ से हैं।

मतदान

छठे चरण में 63.37 प्रतिशत हुआ था मतदान

अब तक 6 चरणों में 485 सीटों पर मतदान हो चुका है। आज के मतदान के बाद 4 जून को मतगणना की जाएगी। 19 अप्रैल को पहले चरण में 66.1 प्रतिशत, 26 अप्रैल को दूसरे चरण में 66.7 प्रतिशत, 7 मई को तीसरे चरण में 65.7 प्रतिशत, 13 मई को चौथे चरण में 69.2 प्रतिशत, 20 मई को पांचवें चरण में 62.2 प्रतिशत और 25 मई को छठे चरण में 63.37 प्रतिशत मतदान हुआ था।

Advertisement