Page Loader
उत्तर प्रदेश: भाजपा काट सकती है कैसरगंज से बृजभूषण शरण सिंह का टिकट, जानिए किसे उतारेगी
उत्तर प्रदेश के कैसरगंज सीट से कट सकता है बृजभूषण शरण सिंह का टिकट

उत्तर प्रदेश: भाजपा काट सकती है कैसरगंज से बृजभूषण शरण सिंह का टिकट, जानिए किसे उतारेगी

लेखन गजेंद्र
May 02, 2024
02:38 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा के मौजूदा सांसद और भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का टिकट कट सकता है। इंडिया टुडे के मुताबिक, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने कैसरगंज से उम्मीदवार को लेकर बृजभूषण से फोन पर बात की है। इस सीट से उनके बेटे करण भूषण सिंह को टिकट दिया जा सकता है। करण सिंह मौजूदा समय में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं।

उम्मीदवार

भाजपा के पास नहीं है कोई और उम्मीदवार?

बृजभूषण शरण सिंह के बड़े बेटे प्रतीक पहले से ही भाजपा के विधायक हैं। बताया जाता है कि कैसरगंज के अलावा आसपास की सीटों पर भी इनका काफी असर दिखता है। बृजभूषण इससे पहले एक बार गोंडा, बहराइच और एक बार कैसरगंज लोकसभा सीट से लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। वह समाजवादी पार्टी (SP) के टिकट पर चुनाव लड़कर जीते हैं। भाजपा ने अभी तक उत्तर प्रदेश की सिर्फ कैसरगंज और रायबरेली सीट पर उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।

विवाद

यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर विवादों में घिरे हैं बृजभूषण

बृजभूषण करीब एक दशक तक WFI के अध्यक्ष रहे हैं। पिछले साल 6 महिला पहलवानों ने उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसके बाद उनको WFI के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा। यहां तक की कुश्ती संघ के चुनाव में उनके द्वारा समर्थित उम्मीदवार को लेकर भी काफी विरोध हुआ था। बृजभूषण के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला अभी कोर्ट में चल रहा है।