Page Loader
लोकसभा चुनाव: छठवें चरण का मतदान खत्म, जानें किस राज्य में कितने प्रतिशत वोट पड़े
लोकसभा चुनाव के छठवें चरण का मतदान पूरा हुआ

लोकसभा चुनाव: छठवें चरण का मतदान खत्म, जानें किस राज्य में कितने प्रतिशत वोट पड़े

May 25, 2024
07:28 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव के छठवें चरण का मतदान खत्म हो गया है। इस चरण में 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों पर वोट डाले गए। पूरे चरण में शाम 5 बजे तक कुल 57.7 प्रतिशत मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर सबसे अधिक 77.99 प्रतिशत मतदान हुआ, वहीं उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर सबसे कम 52.02 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि, ये मतदान के अंतिम आंकड़े नहीं हैं। अंतिम आंकड़े 2-3 दिन में आएंगे।

मतदान प्रतिशत

किस राज्य में कितने प्रतिशत मतदान हुआ?

शाम 5 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली की 7 सीटों पर 53.73 प्रतिशत, हरियाणा की 10 सीटों पर 55.93 प्रतिशत, झारखंड की 4 सीटों पर 61.41 प्रतिशत, बिहार की 8 सीटों पर 52.24 प्रतिशत, ओडिशा की 6 सीटों पर 59.60 प्रतिशत और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर 51.35 प्रतिशत मतदान हुआ। दिल्ली और हरियाणा की सभी सीटों पर आज एक ही चरण में मतदान हुआ था। बाकी राज्यों में कई चरणों में मतदान हुआ है।

वोटिंग

आज किन बड़े चेहरों ने डाला वोट?

आज दिल्ली की सभी सातों सीटों पर मतदान था, इसलिए कई ऐसे बड़े चेहरे रहे जिन्होंने आज अपने मताधिकार का उपयोग किया। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके पूरे परिवार ने नई दिल्ली सीट पर अपना वोट डाला। इसी तरह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी आज वोट डाला। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ और मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने भी आज दिल्ली में अपना वोट डाला।

बड़े चेहरे

किन बड़े चेहरों की किस्मत हुई EVM में कैद?

आज मतदान में कई बड़े चेहरों की किस्मत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में कैद हो गई। इनमें करनाल से हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, अनंतनाग-राजौरी से जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, संबलपुर से केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, गुरुग्राम से अभिनेता राज बब्बर, सुल्तानपुर से पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी और कन्हैया कुमार, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल, पुरी से संबित पात्रा और नई दिल्ली से बासुरी स्वराज शामिल हैं।

हिंसा

मतदान के दौरान पश्चिम बंगाल में हुई छिटपुट हिंसा

मतदान के दौरान पश्चिम बंगाल में छिटपुट हिंसा भी देखने को मिली। घाटाल और कांठी में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इसके अलावा झारग्राम में भाजपा प्रत्याशी प्रणत टुडु ने दावा किया कि TMC के समर्थकों ने उनके काफिले पर हमला किया, जिसमें उनकी सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मी घायल हुए। सोशल मीडिया पर इससे संबंधित एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें पथराव होता हुआ दिख रहा है।

अन्य चरण

अब केवल आखिरी चरण का मतदान बचा

अब तक 6 चरणों में 485 सीटों पर मतदान हो चुका है और 1 जून को आखिरी चरण में 58 सीटों पर मतदान होगा। 19 अप्रैल को पहले चरण में 66.1 प्रतिशत, 26 अप्रैल को दूसरे चरण में 66.7 प्रतिशत, 7 मई को तीसरे चरण में 65.7 प्रतिशत, 13 मई को चौथे चरण में 69.2 प्रतिशत और 20 मई को पांचवें चरण में 62.2 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। सभी सीटों के नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे।