Page Loader
11 अप्रैल से 19 मई तक 7 चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव, 23 मई को परिणाम

11 अप्रैल से 19 मई तक 7 चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव, 23 मई को परिणाम

Mar 10, 2019
06:21 pm

क्या है खबर?

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने रविवार को विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोकसभा चुनाव की तारीखें घोषित की। लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल से 19 मई के बीच 7 चरणों में होंगे। परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव में लगभग 90 करोड़ लोग अपने मतदान अधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव की तारीखें घोषित होने के साथ ही आचार संहिता लग गई है और अब सरकार कोई भी लोकलुभावन घोषणा नहीं कर सकती।

ट्विटर पोस्ट

11 अप्रैल से लोकसभा चुनाव

लोकसभा चुनाव

यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल में सभी 7 चरणों में चुनाव

उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल 3 ऐसे राज्य हैं जहां सभी सातों चरणों में चुनाव होंगे। झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा में 4 चरणों में चुनाव होंगे। असम और छत्तीसगढ़ में 3 चरणों में चुनाव होंगे। कर्नाटक, मणिपुर, राजस्थान और त्रिपुरा में 2 चरणों में चुनाव होंगे। आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, केरल, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, पंजाब, सिक्किम, तेलंगाना, तमिलनाडु, उत्तराखंड और दिल्ली में एक चरण में चुनाव होंगे।

जानकारी

सभी चरणों की पूरी जानकारी

प्रथम चरण- 11 अप्रैल (20 राज्यों की 91 सीट) दूसरा चरण- 18 अप्रैल (13 राज्यों की 97 सीट) तीसरा चरण- 23 अप्रैल (14 राज्यों की 115 सीट) चौथा चरण- 29 अप्रैल (9 राज्यों की 71 सीट) पांचवां चरण- 6 मई (7 राज्यों की 51 सीट) छठवां चरण- 12 मई (7 राज्यों की 59 सीट) सातवां चरण- 19 मई (8 राज्यों की 59 सीट) बता दें कि 2014 लोकसभा चुनाव 9 चरणों में हुए थे।

चुनाव आयोग

प्रत्याशियों को देनी होगी सोशल मीडिया की पूरी जानकारी

CIC सुनील अरोड़ा ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर EVM के साथ VVPAT मशीन भी होगी। इसके साथ ही EVM में प्रत्याशियों की तस्वीर भी होगी। EVM में GPS भी लगा होगा, ताकि किसी भी तरह की धांधली को पकड़ा जा सके। चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 भी जारी किया है। चुनाव में मतदान से 48 घंटे पहले लाउडस्पीकर पर बैन होगा। संवेदनशील जगहों पर CRPF की तैनाती की जाएगी।