लोकसभा चुनाव: पांचवें चरण का मतदान जारी, राहुल गांधी समेत इन दिग्गजों की किस्मत दांव पर

आज लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 7 राज्यों की 51 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। इस दौरान उत्तर प्रदेश की 14, राजस्थान की 12, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की 7-7, बिहार की 5, झारखंड की 4 और जम्मू-कश्मीर की 2 सीटों पर मतदान हो रहा है। जम्मू-कश्मीर की लद्दाख सीट और अनंतनाग सीट पर मतदान जारी है। इस चरण में 8.76 करोड़ वोटर्स कई दिग्गजों समेत कुल 674 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।
इससे पहले 11 अप्रैल को हुए पहले चरण में 69.43 प्रतिशत मतदान हुआ था। जबकि 18 अप्रैल को दूसरे चरण और 23 अप्रैल को तीसरे चरण में 66 प्रतिशत मतदान हुआ था। 29 अप्रैल को चौथे चरण में 65.51 प्रतिशत मतदान हुआ।
पांचवें चरण में राजनीति के कई बड़े नामों की सीटों पर मतदान हो रहा है, जिनमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, UPA अध्यक्ष सोनिया गांधी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जैसे बड़े नाम शामिल हैं। मुख्य मुकाबला उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर देखने को मिलेगा। 2014 लोकसभा चुनाव में अमेठी और रायबरेली को छोड़ भाजपा ने बाकी सभी 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी। लेकिन इस बार सपा-बसपा गठबंधन उसे कड़ी टक्कर दे रहा है।
पांचवें चरण में जिस एक सीट पर सबकी नजर होगी, वह है अमेठी। कांग्रेस के गढ़ अमेठी में भाजपा ने जमकर प्रचार किया है और इस बार भी स्मृति ईरानी को मैदान में उतारा है। भाजपा को उम्मीद है कि इलाके में विकास न होने के मुद्दों पर वह राहुल को उन्हीं के गढ़ में घेर सकती है। हालांकि अमेठी के लोगों को अपने परिवार को हिस्सा बताने वाले राहुल अपनी जीत को लेकर आश्वत नजर आ रहे हैं।
सोनिया गांधी की सीट रायबरेली पर भाजपा ने अमेठी की तरह आक्रामक प्रचार नहीं किया और यहां उनकी आसान जीत की उम्मीद जताई जा रही है। अमेठी और रायबरेली दोनों प्रियंका गांधी के चुनाव प्रभार में हैं और इसलिए कांग्रेस जीत को लेकर निश्चिंत है। गठबंधन ने भी इन दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं जो भाजपा विरोधी वोटों को बंटने से रोकेंगे और कांग्रेस के लिए मददगार सिद्ध होंगे।
लखनऊ की सीट पर भी एक जोरदार मुकाबला देखने को मिल सकता है। सीट पर राजनाथ की मुख्य टक्कर गठबंधन की उम्मीदवार पूनम सिन्हा से है। पूनम हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए भाजपा के बागी शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी हैं। हालांकि इसके बावजदू कांग्रेस ने आचार्य प्रमोद कृष्णम को यहां से मैदान में उतारा है। सरकार और पार्टी के बड़े नामों में शामिल जहां से आसान जीत को लेकर आश्वत नजर आ रहे हैं।
राजस्थान की 2008 में बनी जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट पर भी सबकी नजरें रहेंगी। यहां से केंद्रीय मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ मैदान में हैं। न्यूजबाइट्स को दिए इंटरव्यू में वह अपनी जीत को लेकर आश्वत नजर आए थे। कांग्रेस की तरफ से उन्हीं की तरह एक खिलाड़ी रहीं कृष्णा पूनिया उनके मुकाबले में हैं। इसके अलावा झारखंड की हजारीबाग सीट से एक अन्य केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा मैदान में हैं और उनका मुकाबला कांग्रेस नेता गोपाल साहू से है।