विधानसभा चुनाव: पहले चरण में पश्चिम बंगाल में 79.79 प्रतिशत तो असम में 72.30 प्रतिशत मतदान
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनावों के लिए पहले चरण का मतदान शनिवार को छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गया है।
प्रथम चरण के मतदान में शाम 6 बजे तक पश्चिम बंगाल में 79.79 प्रतिशत और असम में 72.30 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
इसके साथ ही बंगाल में 191 और असम में 267 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो गई। बंगाल में 30 तो असम में 47 सीटों के लिए मतदान हुआ था।
विवरण
पहले चरण के लिए पश्चिम बंगाल में बनाए गए थे 10,288 मतदान केन्द्र
बंगाल राज्य निर्वाचन आयेाग के अनुसार पहले चरण में 5 जिलों की 30 सीटों पर हुए मतदान के लिए कुल 10,288 मतदान केन्द्र बनाए गए थे।
पहले चरण में कुल 73.80 लाख मतदाता थे, लेकिन इनमें से 79.79 प्रतिशत ने ही अपने मताधिकार का उपयोग किया।
इसी तरह असम के 12 जिलों की 47 सीटों के लिए कुल 11,537 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर कुल 81.09 लाख मतदाता थे, लेकिन मतदान 72.30 प्रतिशत ने ही किया।
मतदान
इस तरह से बढ़ती गई मतदान की रफ्तार
चुनाव आयोग के अनुसार सुबह मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दिन बढ़ने के साथ इसमें इजाफा शुरू हो गया।
सुबह 9 बजे तक बंगाल में 7.72 और असम में 8.84 प्रतिशत मतदान हुआ था।
इसके बाद दोपहर 12 बजे तक बंगाल में 36 और असम में 26 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक बंगाल में 70.2 और असम में 62.1 प्रतिशत, शाम 5 बजे तक 77.99 और 71.62 प्रतिशत तथा शाम छह बजे 79.79 और 72.30 प्रतिशत पर पहुंच गया।
घटनाएं
पूर्वी मिदनापुर मतदान केंद्र पर गोलीबारी, दो सुरक्षाकर्मी घायल
पहले चरण में असम में तो शांतिपूर्ण मतदान रहा, लेकिन पश्चिम बंगाल में छिटपुट घटनाएं सामने आई है।
सुबह करीब 9 बजे पूर्वी मिदनापुर के भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के सत्सतामल पोलिंग बूथ पर मतदान के दौरान गोलीबारी की घटना हो गई। इसमें दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया और बूथ पर अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया। घटना को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष ने TMC को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
अन्य घटना
सुवेंदु अधिकारी के भाई सौमेंदु की कार पर हुआ हमला
दोपहर करीब एक बजे कांठी में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के भाई सौमेंदु अधिकारी की कार पर हमला हो गया। अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को रोककर तोड़फोड़ कर दी। इसमें कार चालक जख्मी हो गया।
बाद में सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि यह हमला तृणमृल कांग्रेस (TMC) ब्लॉक अध्यक्ष राम गोविंद दास की मदद से कराया गया है।
इसी तरह सालबोनी में TMC समर्थकों ने माकपा उम्मीदवार सुशांत घोष से कथित तौर पर हाथापाई कर दी।
प्रदर्शन
EVM खराब होने के चलते मतदान केंद्र के बाहर प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर के कांठी दक्षिण में मतदाताओं ने EVM में खराबी होने पर एक मतदान केंद्र के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने माजना में मतदान केंद्र के बाहर सड़क बाधित की और आरोप लगाया कि VVPAT पर्चे में दिख रहा है कि उनका वोट किसी दूसरी पार्टी को जा रहा है।
बाद में सुरक्षा बलों ने स्थिति पर नियंत्रण किया। इसी तरह असम में भी कई बूथों पर EVM की खराबी के कारण देरी से मतदान हुआ।
जानकारी
पुरुलिया में TMC प्रत्याशी के खिलाफ धमकी देने का मामला दर्ज
पुरुलिया विधानसभा क्षेत्र में TMC प्रत्याशी सुजय बनर्जी के खिलाफ धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है। भाजपा कार्यकर्ता दीपक वाउड़ी ने पुरुलिया सदर थाना में रिपोर्ट देकर आरोप लगाया कि TMC प्रत्याशी ने जान से मारने की धमकी दी थी।
सुरक्षा
पहले चरण में तैनात की गई केंद्रीय बलों की 684 कंपनियां
पश्चिम बंगाल में संभावित हिंसा को देखते हुए सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम मिए गए थे। यहां पहले चरण के मतदान के मद्देनजर पांचों जिलों में केंद्रीय बलों की 684 कंपनियों को तैनात किया था।
इनमें पुरुलिया जिले में सर्वाधिक 185, झाड़ग्राम में 144, पूर्वी मिदनापुर में 148, पश्चिम मिदनापुर में 124 और बांकुड़ा में 83 कंपनियां तैनात की गई थी।
इसी तरह 50 कंपनियों को रिजर्व में रखा गई। मतदान के बाद EVM को कड़ी सुरक्षा में लाया गया।
मतदान
बंगाल में आठ तो असम में तीन चरणों में होगा मतदान
बता दें कि पश्चिम बंगाल में आठ और असम में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव सम्पन्न होंगे।
पहले चरण के बाद अब बंगाल में 1 अप्रैल, 6 अप्रैल, 10 अप्रैल, 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
इसी तरह असम में दूसरे चरण का मतदान 1 अप्रैल को और तीसरे चरण का मतदान 6 अप्रैल को होगा।
पांचों राज्यों के मतों की गणना 2 मई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।