
ओल्ड ट्रैफर्ड में एक भी टेस्ट नहीं जीत पाई भारतीय टीम, जानिए हैरान करने वाले आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच जारी 5 मैचों की टेस्ट सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर है। इंग्लैंड इस सीरीज में 2-1 से आगे है और अब अगला मुकाबला 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर में खेला जाएगा। यह मैदान भारतीय टीम के लिए अब तक बदकिस्मती का प्रतीक रहा है। भारत ने यहां पहला टेस्ट 1936 में खेला था, लेकिन 89 साल बीत जाने के बाद भी टीम यहां एक भी मुकाबला नहीं जीत पाई है।
आंकड़े
ओल्ड ट्रैफर्ड में ऐसे हैं भारतीय टीम के आंकड़े
भारत का ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान में बेहद खराब प्रदर्शन रहा है। भारत ने इस मैदान पर 9 टेस्ट खेले हैं, जिसमें से 4 मैच में उसे हार मिली है। इसके अलावा 5 मैच ड्रा रहे हैं। भारत का इस मैदान पर सर्वोच्च स्कोर 432 रन रहा है। वहीं, यहां पर सबसे कम स्कोर सिर्फ 58 रन है। भारत ने यहां पर अपना आखिरी टेस्ट 2014 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खेला था।
बल्लेबाज
भारत के इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
ओल्ड ट्रैफर्ड में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय सुनील गावस्कर हैं। उन्होंने 3 टेस्ट की 5 पारियों में 48.40 की उम्दा औसत के साथ 242 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101 रन रहा था। विजय मर्चेंट ने 2 टेस्ट की 4 पारियों में 56.25 की शानदार औसत से 225 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 114 रन था।
गेंदबाज
इन भारतीय गेंदबाजों ने झटके हैं सबसे ज्यादा विकेट
इस मैदान पर भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट वीनू मांकड़ ने लिए हैं। उन्होंने 2 टेस्ट की 3 पारियों में 23.66 की औसत से 9 विकेट चटकाए थे। इस खिलाड़ी ने 1 बार 5 विकेट हॉल भी लिया था। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/101 का रहा था। सैयद अबिद अली ने इस मैदान पर 2 टेस्ट की 4 पारियों में 33.62 की औसत से 8 विकेट झटके थे। लाला अमरनाथ ने भी 1 टेस्ट में यहां 8 विकेट लिए थे।
पहली
एजबेस्टन में पहली बार जीती भारतीय टीम
इसी सीरीज में भारतीय टीम एजबेस्टन में टेस्ट मैच जीतने वाली पहली एशियाई टीम भी बनी थी। एशियाई टीमों ने यहां कुल 19 टेस्ट (भारत 9, पाकिस्तान 8 और श्रीलंका 2) मैच खेले हैं। भारतीय टीम ने यहां अपना पहला मुकाबला साल 1967 में खेला था। यह सीरीज शुरू होने से पहले टीम यहां एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत पाई थी। सीरीज के दूसरे टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड 336 रनों से हरा दिया था।