LOADING...
कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी, शुरुआती रुझान में कांग्रेस पूर्ण बहुमत की ओर 
कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू

कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी, शुरुआती रुझान में कांग्रेस पूर्ण बहुमत की ओर 

May 13, 2023
09:54 am

क्या है खबर?

कर्नाटक में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझान में कांग्रेस 224 सीटों में से 120 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं भाजपा 73 सीटों पर आगे है। बहुमत का आंकड़ा 113 है। कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों पर 10 फरवरी को रिकॉर्ड 73.19 प्रतिशत मतदान हुआ था। एग्जिट पोल में किसी एक पार्टी को बहुमत नहीं मिलने और त्रिशंकु विधानसभा बनने का अनुमान जताया गया था।

अनुमान

एग्जिट पोल में लगाया गया था कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी बनने का अनुमान

कर्नाटक के एग्जिट पोल्स की बात करें तो 10 में से सात एग्जिट पोल में किसी को बहुमत न मिलने का अनुमान लगाया गया है। दो में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलने की बात कही गई है, वहीं एक में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने की संभावना जताई गई है। हालिया समय में सबसे सफल रहे इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने कांग्रेस को 122-140 सीटें मिलने की बात कही है, वहीं भाजपा को 62-80 सीटें दी हैं।

उम्मीदवार 

किस पार्टी ने उतारे थे कितने उम्मीदवार? 

कर्नाटक चुनाव में 224 विधानसभा सीटों के लिए कुल 2,615 उम्मीदवार मैदान में है, जिनमें 2,430 पुरुष उम्मीदवार, 184 महिला उम्मीदवार और एक ट्रांसजेंडर उम्मीदवार शामिल है। भाजपा ने सभी 224 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को उतारा है, जिनमें 12 महिलाएं शामिल हैं। कांग्रेस की 11 महिला उम्मीदवारों समेत कुल 223 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई, जबकि JDS ने 224 सीटों में से 209 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

Advertisement

नतीजे 

क्या रहे थे पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजे? 

कर्नाटक में 2018 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 104 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने 80 सीटें हासिल की थीं, वहीं जनता दल सेक्युलर (JDS) के खाते में 37 सीटें आई थीं। अन्य पार्टियां 3 सीटें जीतने में कामयाब रही थीं। अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो कांग्रेस को सर्वाधिक 38.14 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे, वहीं भाजपा ने 36.35 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। अधिक वोट मिलने के बावजूद कांग्रेस को कम सीटें मिली थीं।

Advertisement

उपचुनाव

4 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए भी मतगणना शुरू

बता दें कि एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर 10 मई को हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज घोषित किए जाएंगे। पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर उपचुनाव हुआ था। कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का जनवरी में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान निधन होने के कारण यह सीट रिक्त हो गई थी। ओडिशा की झारसुगुड़ा, मेघालय की सोहियोंग और उत्तर प्रदेश की स्वार और छानबे विधानसभा सीटों पर भी 10 मई को मतदान हुआ था।

Advertisement