आज लगने वाला है दुर्लभ पूर्ण सूर्य ग्रहण, जानें कहां और किस समय दिखाई देगा
क्या है खबर?
अगर आप खगोलीय घटनाओं में रुचि रखते हैं तो दुर्लभ पूर्ण सूर्य ग्रहण लगने वाला है, जो 7 साल पहले यानी 2017 में लगे पूर्ण सूर्य ग्रहण के मुकाबले काफी अलग होने वाला है।
यही वजह है कि वैज्ञानिक भी इसके प्रभाव को लेकर कई तरह के अध्ययन करने वाले हैं।
यह ग्रहण दिन के उजाले को अंधेरे में बदल देगा, जिसे हम चुनिंदा स्थानों पर देख सकेंगे।
आइए जानते हैं कि इस ग्रहण को कैसे देखा जा सकता है।
समय
जानिए ग्रहण का समय और स्थान
साल 2024 का पूर्ण सूर्य ग्रहण 8 अप्रैल को रात 9:12 बजे भारतीय मानक समय (IST) पर दिखाई देना शुरू होगा और 9 अप्रैल की सुबह 2:22 बजे तक रहेगा।
अनुमान है कि यह पूर्ण सूर्य ग्रहण करीब ढाई घंटे से अधिक समय तक रहने वाला है और इसकी शुरुआत मेक्सिको से होने वाली है।
यहां जानिए साल 2017 में लगे पूर्ण सूर्य ग्रहण से कैसे अलग है इस बार का ग्रहण।
भारत
भारत से नहीं दिखाई देगा यह सूर्य ग्रहण
नासा के अनुसार, भारत में यह पूर्ण सूर्य ग्रहण नहीं दिखाई देगा क्योंकि इसका प्रभाव मुख्य तौर पर पश्चिमी देशों पर पड़ेगा।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने घोषणा कर कहा कि यह ग्रहण कनाडा, मैक्सिको और उत्तरी अमेरिका के अन्य हिस्सों सहित कई देशों में देखा जाएगा।
नासा ने अपनी वेबसाइट पर लिखा, "8 अप्रैल को पूर्ण सूर्य ग्रहण उत्तरी अमेरिका को पार करके मैक्सिको, अमेरिका और कनाडा से गुजरेगा।"
अंतर
पूर्ण सूर्य ग्रहण और आंशिक सूर्य ग्रहण में क्या अंतर है?
सूर्य ग्रहण तब होता है, जब चंद्रमा, सूर्य और पृथ्वी के बीच से गुजरता है, जिससे पृथ्वी पर छाया पड़ती है और कुछ जगहों पर सूर्य की रोशनी नहीं पड़ती।
आंशिक सूर्य ग्रहण के दौरान सूर्य की सतह के एक हिस्से पर काली छाया दिखाई देती है, जबकि पूर्ण सूर्य ग्रहण में चंद्रमा, सूर्य की सतह का लगभग 91 प्रतिशत हिस्सा ढक देता है।
इस वजह से पूर्ण सूर्य ग्रहण में सूर्य आग के छल्ले जैसा लगता है।
ऑनलाइन
नासा आयोजित कर रहा है पूर्ण सूर्य ग्रहण की लाइव स्ट्रीम
अगर आप इस दुर्लभ खगोलीय घटना को देखने में इच्छुक हैं तो इसके लिए नासा लाइव स्ट्रीम आयोजित करने वाला है।
यह लाइव स्ट्रीम 8 अप्रैल को रात 10:30 बजे से शुरू होकर 9 अप्रैल की सुबह 1:30 बजे तक चलने वाली है।
इस पूरे प्रसारण में कई विशेषज्ञ भी शामिल होंगे, जो विभिन्न ग्रहण से जुड़ी जानकारियां प्रदान करेंगे।
इसके अलावा, टेक्सास की मैकडॉनल्ड वेधशाला और timeanddate.com नामक यूट्यूब चैनल भी इसे प्रसारित करेंगे।
सुरक्षा
पूर्ण सूर्य ग्रहण को सुरक्षित तरह से ऐसे देखें
सूर्य ग्रहण के दौरान सूरज की रोशनी की तीव्रता ऐसी होती है कि इसे नग्न आंखों से देखने से आंखों की रेटिना कोशिकाओं को नुकसान हो सकता है।
खगोलविद इस दौरान अपनी आंखों की सुरक्षा के लिए सुरक्षात्मक आईवियर यानि चश्मे पहनने की सलाह देते हैं। आप इस ग्रहण को देखने के लिए प्रमाणित ग्रहण चश्मा पहन सकते हैं।
इस उपाय को न अपनाने से रेटिना में जलन या अंधापन हो सकता है।