Page Loader
ये मौखिक लक्षण देते हैं हृदय रोग की चेतावनी, दिखने पर तुरंत करें डॉक्टर से संपर्क

ये मौखिक लक्षण देते हैं हृदय रोग की चेतावनी, दिखने पर तुरंत करें डॉक्टर से संपर्क

लेखन सयाली
Jul 10, 2025
09:19 pm

क्या है खबर?

हृदय रोग दिल को प्रभावित करने वाली बीमारियां होती हैं, जो कई देशों में मृत्यु का प्रमुख कारण बनती है। इसके लक्षणों में सीने में दर्द या बेचैनी, सांस लेने में तकलीफ और बाहों, गर्दन, जबड़े या पीठ में दर्द शामिल होता है। हालांकि, मुंह से जुड़े कुछ लक्षण भी हृदय रोग का संकेत दे सकते हैं, जैसे की मसूड़ों का सूजना या लाल होना आदी। आइए ऐसे ही 4 लक्षणों के बारे में जानते हैं।

#1

मसूड़ों का लाल होना या सूजना

मसूड़ों में सूजन होना या उनसे खून आना अक्सर मसूड़ों की बीमारी का संकेत होता है। हालांकि, काफी कम लोग जानते हैं कि ये हृदय रोग के भी शुरूआती संकेत हो सकते हैं। अध्ययनों के अनुसार, इस स्थिति के लिए जिम्मेदार बैक्टीरिया खून में प्रवेश कर सकते हैं, जिससे रक्त वाहिकाओं में सूजन आ सकती है और धमनियों में रुकावट हो सकती है। यह दिल के दौरे का एक मुख्य कारण हो सकता है।

#2

दांतों का गिरना या हिलना

दांतों का गिरना सिर्फ दांतों के खराब स्वास्थ्य के कारण नहीं होता है। यह अक्सर शरीर में पुरानी सूजन को दर्शाता है, जो दिल के दौरे और स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ाने के लिए जानी जाती है। अध्ययनों से पता चलता है कि मसूड़ों के संक्रमण के कारण दांत कमजोर हो कर गिर जाते हैं या हिलने लगते हैं। इस समस्या से पीड़ित लोगों में गंभीर हृदय संबंधी समस्याएं होने की संभावना अधिक होती है।

#3

दुर्गंध आना

वैसे तो रात होते-होते सभी के मुंह से दुर्गंध आने लगती है। हालांकि, अगर ब्रश करने के बाद भी या हर वक्त दुर्गंध बनी रहे तो यह चिंता की बात है। यह मसूड़ों की बीमारी से जुड़े बैक्टीरिया के कारण हो सकता है, जिसका हृदय स्वास्थ्य से गहरा संबंध है। इसके अलावा, सांसों की दुर्गंध सूजन और आंतरिक संक्रमण का संकेत भी हो सकती है। अगर इनका इलाज न किया जाए तो ये हृदय स्वास्थ्य पर असल डाल सकते हैं।

#4

जबड़ों में दर्द होना

जबड़े में दर्द होना कभी-कभी दिल के दौरे का शुरुआती संकेत हो सकती है। यह खास तौर से महिलाओं के लिए खतरे की घंटी हो सकती है। समय के साथ यह दर्द छाती या गर्दन तक फैल सकता है और अक्सर इसे दांतों की समस्या समझ लिया जाता है। अगर जबड़े के दर्द के साथ सांस फूलने लगे, पसीना आए या सीने में जकड़न हो, तो तुरंत हृदय की जांच करवाने जाएं।