LOADING...
दाल और सब्जियों को डाइट में शामिल करने से बढ़ते हैं लाभकारी आंत बैक्टीरिया- अध्ययन

दाल और सब्जियों को डाइट में शामिल करने से बढ़ते हैं लाभकारी आंत बैक्टीरिया- अध्ययन

लेखन सयाली
Jun 06, 2025
07:06 pm

क्या है खबर?

सभी के जीवन में तनाव होता है और लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से शरीर और मन, दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। पहले किए गए अध्ययनों से पता चलता है कि तनाव आंत के माइक्रोबायोटा की संरचना को बदल सकता है। हाल ही में हुए एक अध्ययन से सामने आया है कि दाल और सब्जियों को डाइट में शामिल करने से लाभकारी आंत बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं, जिसके परिणामस्वरूप तनाव में भी कमी आ सकती है।

अध्ययन

डाइट और तनाव के बीच का संबंध जानने के लिए हुआ यह अध्ययन 

इस अध्ययन को क्लिनिकल न्यूट्रिशन ईएसपीएन पत्रिका में प्रकाशित किया गया। इसके जरिए डाइट की गुणवत्ता, तनाव और आंत माइक्रोबायोटा के बीच के संबंधों को जांचने की कोशिश की गई। शोधकर्ताओं ने 20-80 साल की उम्र के जापानी वयस्कों के डाटा का उपयोग किया। 2019 और 2020 की गर्मियों के डाटा का विश्लेषण किया गया, जिसमें मानसिक और शारीरिक तनाव प्रतिक्रिया का आकलन किया गया और खाद्य आवृत्ति प्रश्नावली (FFQ) ने भोजन और पोषक तत्वों के सेवन का आकलन किया।

प्रक्रिया

कैसे पूरा किया गया अध्ययन?

बता दें कि इस अध्ययन में ज्यादातर प्रतिभागी महिलाएं थीं। शोध के दौरान शॉटगन मेटाजीनोमिक्स नामक प्रक्रिया का उपयोग करके आंत माइक्रोबायोटा संरचना का विश्लेषण किया गया। डाइट की गुणवत्ता निर्धारित करने के लिए NRF9.3 का उपयोग किया गया। NRF9.3 स्कोर की गणना FFQ डेटा का उपयोग करके की गई, जिसमें खनिज और विटामिन से भरपूर डाइट लेने वालों का पोषण मूल्य ज्यादा आया। वहीं, संतृप्त वसा, सोडियम और शर्करा लेने वालों का पोषण काफी कम पाया गया।

नतीजे

क्या रहे इस अध्ययन के नतीजे?

इस अध्ययन में औसतन 48.9 वर्ष की आयु के 1,058 स्वस्थ वयस्कों को शामिल किया गया था। पदानुक्रमिक क्लस्टरिंग विश्लेषण ने 3 क्लस्टर की पहचान की। क्लस्टर 2 और 3 में तनाव का स्तर उच्च और निम्न था। वहीं, क्लस्टर 1 में मध्यम स्तर के तनाव को दर्शाया गया था। अध्ययन से सामने आया की क्लस्टर 2 में अन्य क्लस्टरों की तुलना में काफी कम NRF9.3 स्कोर था, जो खराब डाइट को दर्शाता है।

निष्कर्ष

डाइट में लैक्नोस्पाइरा होना भी है जरूरी

उच्च NRF9.3 स्कोर लैक्नोस्पाइरा की बढ़ी हुई प्रचुरता को दर्शाता है। साथ ही यह शारीरिक और मानसिक तनाव प्रतिक्रिया स्कोर में कमी के साथ भी जुड़ा होता है। अध्ययन के मुताबिक, लैक्नोस्पाइरा की बढ़ी हुई प्रचुरता के चलते तनाव भी कम होने लगता है। आप फाइबर से भरपूर सब्जियां, दाल, अनाज, फल और मेवे खा कर लैक्नोस्पाइरा को बढ़ाएं और आंतों को स्वस्थ रखें।