LOADING...
मानसून के मौसम में फैलती हैं ये 5 आम बीमारियां, जानिए इनसे बचने के कारगर तरीके

मानसून के मौसम में फैलती हैं ये 5 आम बीमारियां, जानिए इनसे बचने के कारगर तरीके

लेखन सयाली
Jun 07, 2025
02:59 pm

क्या है खबर?

मानसून का आगमन हो चुका है, जिस दौरान गर्मी से तो राहत मिलती है। हालांकि, इस मौसम में जगह-जगह पानी भर जाता है, आद्रता बढ़ जाती है और तापमान ठंडा हो जाता है। इन कारकों के चलते लोग बीमार पड़ने लगते हैं और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। इतना ही नहीं, मानसून में मच्छरों की संख्या भी बढ़ जाती हैं, जो डेंगू और मलेरिया आदि फैलाते हैं। बरसात के दौरान इन बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

#1

डेंगू

डेंगू मच्छर के काटने से होने वाली बीमारी है, जो वैश्विक स्तर पर लाखों मौतों का कारण बनती है। यह बीमारी मानसून में बढ़ जाती है, क्योंकि सड़कों पर भरा पानी एडीज मच्छर के लिए प्रजनन स्थल बन जाता है। इसके लक्षणों में बुखार होना, प्लेटलेट्स की संख्या में कमी आना और चकत्ते निकलना शामिल होता है। डेंगू से बचाव के लिए ढके हुए कपड़े पहनें, घर में मच्छर भगाने वाली मशीन जलाएं और उनसे सुरक्षा करने वाली क्रीम लगाएं।

#2

चिकनगुनिया

चिकनगुनिया बुखार मुख्य रूप से मच्छरों के काटने पर फैलता है, जो AC, फ्रिज, पौधों, बर्तनों और पानी की पाइपों में पाए जाने वाले स्थिर पानी में पैदा होते हैं। एडीज एल्बोपिक्टस मच्छर इस बीमारी को फैलाने के लिए जिम्मेदार होता है। चिकनगुनिया होने पर जोड़ों के दर्द, तेज बुखार और थकान जैसे लक्षण नजर आते हैं। चिकनगुनिया से बचने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखें और कहीं भी पानी न भरने दें।

#3

वायरल बुखार

वैसे तो वायरल बुखार होने का डर सालभर रहता है, लेकिन बारिश के मौसम में इसका खतरा चरम पर होता है। इसे मानसून का बुखार भी कहा जाता है, जो आमतौर पर बैक्टीरियल संक्रमण के कारण फैलता है। वायरल बुखार के दौरान शरीर कमजोर हो जाता है, चक्कर आता है, जुखाम होता है और शरीर में दर्द भी होता है। इस बीमारी के लक्षण नजर आने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श करें और उनकी सुझाई हुई दवाइयां खाएं।

#4

पेट का संक्रमण

मानसून के दौरान सभी पकौड़े, समोसे और छोटे-भटूरे जैसे तले-भुने स्ट्रीट फूड का आनंद लेते हैं। सड़क किनारे बिकने वाले इन व्यंजनों पर कीड़े और संक्रमित मच्छर बैठते हैं, जिससे वे दूषित हो जाते हैं। जब हम इन दूषित व्यंजनों का सेवन करते हैं तो हमारा पेट खराब हो जाता है और पेट के संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इस बीमारी से बचने के लिए आपको रोजाना गर्म पानी पीना चाहिए और घर का बना खाना ही खाना चाहिए।

#5

मलेरिया

मलेरिया एक खतरनाक बीमारी है, जो मच्छर के काटने से होती है। यह बीमारी मानसून में सबसे ज्यादा फैलती है और लोगों को कमजोर कर देती है। यह बीमारी मादा एनोफिलीज मच्छर के कारण फैलती है, जो जलभराव वाले क्षेत्रों में प्रजनन करते हैं। इस बीमारी में बुखार, कमजोरी, ठंड लगना, पसीना आना और खून की कमी जैसे लक्षण नजर आते हैं। बचाव के लिए घर को साफ रखें, आस-पास पानी न भरने दें और मच्छरों से बचकर रहें।