Page Loader
खाने में बनाएं महाराष्ट्र के ये 5 प्रसिद्ध व्यंजन, इनका स्वाद चखकर मन हो जाएगा तृप्त
महाराष्ट्र के मशहूर व्यंजन

खाने में बनाएं महाराष्ट्र के ये 5 प्रसिद्ध व्यंजन, इनका स्वाद चखकर मन हो जाएगा तृप्त

लेखन सयाली
Feb 17, 2025
10:26 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र का खान-पान अपनी विविधता और लजीज स्वाद के लिए प्रसिद्ध है। यहां कुछ ऐसे पकवान बनते हैं, जो किसी अन्य राज्य में नहीं बनाए जाते। इन अनोखे व्यंजनों का स्वाद उन्हें बेहद खास बना देता है। आइए आज महाराष्ट्र के 5 अनोखे पारंपरिक व्यंजनों की रेसिपी जानते हैं, जिन्हें खा कर आपका मन तृप्त हो जाएगा। ये व्यंजन चटपटे और जायकेदार होते हैं और बड़ों से लेकर बच्चों तक, सभी को पसंद आते हैं।

#1

पिठला भाकरी

पिठला महाराष्ट्र का एक पारंपरिक व्यंजन है, जिसे बेसन से तैयार किया जाता है। इसे आमतौर पर चूल्हे पर पकाई गई ज्वार या बाजरे की भाकरी के साथ परोसा जाता है। पिठला बनाने के लिए बेसन को पानी, हल्दी, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन के पेस्ट के साथ पकाया जाता है। इसमें तड़का लगाने के लिए सरसों, जीरा और करी पत्ते का उपयोग किया जाता है। यह व्यंजन खासकर बारिश या ठंड के मौसम में बहुत पसंद किया जाता है।

#2

मिसल पाव

मिसल पाव एक मसालेदार नाश्ता है, जो पुणे और मुंबई जैसे शहरों में बहुत लोकप्रिय है। इसे अंकुरित मूंग या मटकी से बनाया जाता है, जिसमें प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और कई तरह के मसाले मिलाए जाते हैं। इसके ऊपर फरसान डाला जाता है, जिससे इसका कुरकुरापन बढ़ जाता है। इसे गर्मा-गर्म पाव के साथ परोसा जाता है, जिससे इसका स्वाद दोगुना हो जाता है। आप पाव का इस्तेमाल करके घर पर ये 5 व्यंजन बना सकते हैं।

#3

थालीपीठ

थालीपीठ एक पौष्टिक मराठी ब्रेड है, जिसे कई तरह की दालों और अनाजों को मिलाकर बनाया जाता है। इसमें चने की दाल, उड़द दाल, ज्वार और बाजरे का आटा शामिल होता है। इन सबको प्याज, हरी मिर्च और धनिया पत्ती के साथ गूंधा जाता है। इसे तवे पर धीमी आंच पर सेंका जाता है, ताकि यह बाहर से कुरकुरा बने और अंदर से नरम रहे। इस पौष्टिक व्यंजन को आप नाश्ते या खाने के समय खा सकते हैं।

#4

पूरण पोली

पूरण पोली महाराष्ट्र का एक स्वादिष्ट मीठा व्यंजन है, जो खास मौकों पर बनाया जाता है। गेहूं की पतली रोटी में चने की दाल और गुड़ से बना मिश्रण भरकर यह व्यंजन तैयार होता है। इस रोटी को तवे पर सेंका जाता है और घी लगाकर गर्मा-गर्म परोसा जाता है। इसका मीठा स्वाद हर किसी को पसंद आता है और त्योहारों के दौरान यह हर मराठी थाली का हिस्सा रहता है।

#5

सोल कढ़ी

सोल कढ़ी एक अनोखा पेय होता है, जिसे नारियल के दूध और कोकम से तैयार किया जाता है। इसे खाने के बाद पिया जाता है, क्यूंकि यह पेट को साफ करने में मदद करता है। सोल कढ़ी बनाने के लिए नारियल के दूध, कोकम, हरी मिर्च, धनिया और नमक को एक साथ मिलाया जाता है। इसका खट्टा-मीठा और ताजगी भरा स्वाद हर किसी को पसंद आता है। आप इसे खाने के साथ-साथ भी पी सकते हैं।