Page Loader
घर पर फालसा जूस बनाने का तरीका और इससे मिलने वाले फायदे 

घर पर फालसा जूस बनाने का तरीका और इससे मिलने वाले फायदे 

लेखन अंजली
May 12, 2024
09:33 am

क्या है खबर?

फालसा गर्मियों में आने वाला फल है, जो गोल और लाल-बैंगनी रंग का होता है। यह एशिया और ऑस्ट्रेलिया का एक लोकप्रिय फल है, जिसका स्वाद खट्टा-मीठा होता है और इसे कच्चा या जूस के रूप में खाया जा सकता है। अगर आप फालसे के जूस को अपनी डाइट में शामिल करते हैं तो इससे आपको कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। आइए आज घर पर फालसे के जूस को बनाने का तरीका और इसके फायदे जानते हैं।

रेसिपी

फालसे का जूस बनाने का तरीका

सबसे पहले सारे फालसों को धोकर इनके बीज निकाल दें, फिर फल के गूदे को मिक्सी में पीसें। इसके बाद एक बर्तन में मध्यम आंच पर पानी और चीनी डालें और जब चीनी पिघल जाए तो इसे कमरे के तापमान पर ठंडा करके इसमें फालसे का पेस्ट मिलाएं। इसके बाद इसमें काला नमक और ठंडा पानी मिलाएं, फिर इस जूस को परोसें। चीनी की जगह आप ठंडे पानी में शहद और फालसे का पेस्ट डालकर भी जूस बना सकते हैं।

#1

जोड़ों का दर्द दूर करने में है कारगर

फालसे में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो हड्डियों के दर्द से राहत दिलाने में अत्यधिक प्रभावी माने जाते हैं। यह ऑस्टियोपोरोसिस और अर्थराइटिस जैसी समस्याओं का भी इलाज करता है और जोड़ों की गतिशीलता को बढ़ाने में मदद करता है। इस फल में मौजूद कैल्शियम हड्डियों को भी मजबूत और स्वस्थ बनाता है। जोड़ों के दर्द और सूजन को दूर करने समेत हड्डियों से संबंधित कई विकारों से सुरक्षित रहने के लिए रोजाना फालसे का जूस पीएं।

#2

शरीर को हाइड्रेट रखने में है मददगार

डिहाइड्रेट शरीर कई बीमारियों का घर बन सकता है, इसलिए डॉक्टर हाइड्रेशन पर अतिरिक्त ध्यान देने की सलाह देते हैं। अगर आप रोजाना फालसे के जूस का सेवन करते हैं तो यह शरीर को हाइड्रेट रखने में काफी मदद कर सकता है। इसका कारण है कि फालसे में पानी की भरपूर मात्रा होती है। इसके अतिरिक्त यह पेट को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखने में भी सहायक है। यहां जानिए पेट की गर्मी को दूर करने वाले अन्य खाद्य पदार्थ

#3

पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने में है प्रभावी

फालसे में फाइबर होता है, जो पाचन क्रिया में सुधार के लिए लाभदायक माना जाता है। फाइबर शरीर में गैस्ट्रिक एंजाइम के उत्पादन को संतुलित करके पाचन को बेहतर बनाने और पाचन संबंधित समस्याओं से छुटकारा दिलाने में मदद कर सकता है। लाभ के लिए बिना चीनी वाले फालसे के जूस का सेवन करें। यहां जानिए पाचन क्रिया में सुधार करने वाले घरेलू नुस्खे

#4

त्वचा के लिए है अच्छा 

फालसा के जूस में मौजूद एंथोसायनिन जैसे एंटी-ऑक्सीडेंट त्वचा में कोलेजन के उत्पादन को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं, जो आपकी त्वचा में कसाव लाने सहायक है। यह कई तरह के त्वचा संक्रमण के खिलाफ भी काम करता है। फालसा के एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा की खुजली को कम करने समेत एक्जिमा जैसी स्थितियों से बचाते हैं। इस जूस में मौजूद विटामिन-C महीन रेखाओं और मुक्त कणों से भी बचा सकता है।

#5

हाई ब्लड प्रेशर को कर सकता है नियंत्रित 

एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी-ऑक्सिडेंट, पोटेशियम और फास्फोरस जैसे खनिजों से भरपूर बिना मिठास वाला फालसे का जूस हाई ब्लड प्रेशर के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है। ये गुण दिल के दौरे और अन्य हृदय रोगों से भी बचाता है। फालसे के जूस में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट खून को भी शुद्ध कर सकते हैं। इस जूस के टैनिन और एंथोसायनिन एंटी-ऑक्सिडेंट रक्त वाहिकाओं में कोलेस्ट्रॉल को बढ़ने से भी रोक सकते हैं।