LOADING...
IPL 2025: चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर हुई करोड़ों की बारिश, जानिए किसे क्या मिला 
RCB ने पहली बार खिताब अपने नाम किया (तस्वीर: एक्स/@RCBTweets)

IPL 2025: चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर हुई करोड़ों की बारिश, जानिए किसे क्या मिला 

Jun 04, 2025
01:11 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का समापन हो गया है। 22 मार्च से शुरू हुई दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में कई कमाल के मुकाबले देखने को मिले। फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही RCB और PBKS सहित अन्य टीमों पर करोड़ों रुपयों की बारिश भी हुई। आइए जानते हैं कि किस टीम और किन खिलाड़ियों को क्या क्या मिला।

राशि

किस टीम को कितनी इनामी राशि मिली? 

IPL 2025 का खिताब जीतने वाली RCB को 20 करोड़ रुपये मिले और संस्करण की उपविजेता रही PBKS को 13 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली। तीसरे स्थान पर रही गुजरात टाइटंस (GT) को 7 करोड़ और चौथे स्थान पर रही मुंबई इंडियंस (MI) को 6.50 करोड़ रुपये मिले। MI को क्वालीफायर-2 में PBKS ने हराया था और हार्दिक पांड्या की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। GT की टीम MI से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुई थी।

ऑरेंज कैप

'ऑरेंज कैप' जीतने वाले साई सुदर्शन को क्या मिला? 

इस संस्करण साई सुदर्शन ने 'ऑरेंज कैप' अपने नाम की। वह IPL 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्हें इस कमाल प्रदर्शन के लिए 10 लाख रुपये मिले। इस संस्करण सुदर्शन ने 15 मैचों की 15 पारियों में 54.21 की औसत और 156.17 की स्ट्राइक रेट से 759 रन बनाए थे। इसके अलावा 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द सीजन' सूर्यकुमार यादव को चुना गया। इसके लिए उन्हें 50 लाख रुपये इनामी राशि मिली।

Advertisement

पर्पल कैप

'पर्पल कैप' जीतने वाले प्रसिद्ध कृष्णा को क्या मिला? 

इस संस्करण सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज GT के प्रसिद्ध कृष्णा रहे। उन्होंने 15 मैच में 25 विकेट झटके। उन्हें इस कमाल के प्रदर्शन के लिए 10 लाख रुपये मिले। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से सभी टीमों को पूरे संस्करण परेशान किया। चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के नूर अहमद 24 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। मुंबई इंडियंस (MI) के ट्रेंट बोल्ट और RCB के जोश हेजलवुड 22-22 विकेट के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।

Advertisement

अन्य

ये खिलाड़ी भी हुए मालामाल 

कामिंदु मेंडिस को 'कैच ऑफ द सीजन' का अवार्ड दिया गया। उन्हें 10 लाख रुपये मिले। सबसे ज्यादा चौके, फैंटसी किंग ऑफ द सीजन और इमर्जिंग प्लेयर का अवार्ड सुदर्शन को मिला। उन्हें इसके लिए 10-10 लाख रुपये मिले। सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले निकोलस पूरन को 10 लाख रुपये मिले। वैभव सुर्यवंशी को 'स्ट्राइकर ऑफ द सीजन' के लिए टाटा कर्व कार मिली। मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा डॉट गेंदें डाली, इसके लिए उन्हें 10 लाख रुपये मिले।

Advertisement