Page Loader
दक्षिण भारत के किस राज्य में कैसे मनाया जाता है नवरात्रि का त्योहार? जानिए महत्वपूर्ण बातें
दक्षिण भारत में नवरात्रि मनाने के तरीके

दक्षिण भारत के किस राज्य में कैसे मनाया जाता है नवरात्रि का त्योहार? जानिए महत्वपूर्ण बातें

लेखन अंजली
Oct 13, 2023
03:13 pm

क्या है खबर?

शारदीय नवरात्रि आने में कुछ ही दिन हैं और देश के बाकी हिस्सों की तरह ही दक्षिणी हिस्से में भी यह शुभ त्योहार बहुत धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया जाता है। हालांकि, दक्षिण भारत में नवरात्रि के दौरान देवी सरस्वती की विशेष पूजा की जाती है। साथ ही वहां के स्थानीय लोगों के अनुष्ठान काफी अलग होते हैं। आइए जानते हैं कि दक्षिण भारत के किस राज्य में कैसे नवरात्रि मनाई जाती है।

#1

कर्नाटक

कर्नाटक में नवरात्रि मैसूर दशहरा के रूप में मनाई जाती है। यह चामुंडी हिल की देवी चामुंडेश्वरी को समर्पित त्योहार है। इस दौरान मैसूर महल को रोशनी से सजाया जाता है और इसका नजारा देखने लायक होता है। राज्य के अन्य हिस्सों में इस दिन सजी हुई गुड़िया रखी जाती हैं। इसके अतिरिक्त लोग अपने प्रियजनों के घर जाते हैं और उन्हें उपहार स्वरूप नारियल, कपड़े और मिठाइयां देते हैं।

#2

तमिलनाडु

तमिलनाडु में इस 9 दिवसीय त्योहार के पहले 3 दिन देवी लक्ष्मी को समर्पित होते हैं, जबकि इसके बाद वाले 3 दिन देवी दुर्गा को और अंतिम 3 दिन देवी सरस्वती को समर्पित किए जाते हैं। इस दौरान यहां के लोग अपने घरों के सामने पारंपरिक गुड़ियों की अस्थायी सीढ़ियां बनाकर रखते हैं, जो पर्यावरण या पौराणिक कथाओं जैसे कुछ विषयों को चित्रित करती हैं। लोग इस दिन अपने प्रियजनों के घर जाकर उन्हें उपहार भी देते हैं।

#3

तेलंगाना और आंध्र प्रदेश

भारत के तेलंगाना और आंध्र प्रदेश राज्यों में एक ही तरह से नवरात्रि का त्योहार मनाया जाता है। वहां नवरात्रि के दौरान किए जाने वाले सबसे खूबसूरत अनुष्ठानों में से एक बथुकम्मा पाडुंगा है। इसके दौरान महिलाएं 9 दिनों तक फूलों का ढेर बनाती हैं और फिर आखिरी दिन फूलों के ढेर को जलाशय में प्रवाहित कर दिया जाता है। यह अनुष्ठान काफी लंबे समय से सुहागन महिलाएं करती आ रही हैं।

#4

केरल

केरल में नवरात्रि के आखिरी 3 दिन जरूरी माने जाते हैं। महाष्टमी की शाम को पूजावैप्पु का आयोजन किया जाता है। अगले दिन देवी सरस्वती की पूजा की जाती है और किताबें और उपकरण देवी की मूर्ति को अर्पित किए जाते हैं। अंतिम दिन पूजा एडुप्पु आयोजित की जाती है, जिसमें किताबें और उपकरण हटा दिए जाते हैं। इस दिन विद्यारंबम किया जाता है, जहां 2-6 वर्षीय बच्चों को रेत या चावल पर अक्षर लिखने के लिए कहा जाता है।

जानकारी

भारत के अन्य राज्यों में नवरात्रि मनाने का तरीका

आगामी नवरात्रि आश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवमी तिथि तक मनाई जाएगी। जहां दक्षिण भारत में नवरात्रि को अलग-अलग तरह से मनाया जाता है, वहीं इस त्योहार को पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, त्रिपुरा, ओडिशा, झारखंड और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में दुर्गा पूजा के रूप में मनाया जाता है। बाकि बचे राज्यों में नवरात्रि के अवसर पर लोग 9 दिन तक उपवास रखकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करते हैं।